Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कौशांबी में बड़ी वारदात : प्रेम विवाह की रंजिश में युवक की पीटकर हत्या, आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा

    By Adarsh Kumar Srivastava Edited By: Brijesh Srivastava
    Updated: Mon, 27 Jul 2026 04:31 PM (IST)

    कौशांबी में प्रेम विवाह की पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिल ...और पढ़ें

    कौशांबी में युवक की हत्या के बाद हमलावरों के गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करतीं महिलाएं। जागरण

    कौशांबी में युवक की हत्या के बाद हमलावरों के गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करतीं महिलाएं। जागरण

    HighLights

    1. मंझनपुर कोतवाली के नारा गांव में हुई वारदात

    2. आरोपितों की गिरफ्तारी को पुलिस की तीन टीमें लगीं

    जागरण संवाददाता, कौशांबी। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के नारा गांव में करीब पांच साल पुरानी रंजिश में सोमवार को युवक की जान चली गई। 26 जुलाई को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटे गए युवक ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आक्रोशित स्वजन और ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया।

    आरोपितों की गिरफ्तारी को पुलिस की तीन टीमें गठित

    आरोपितों की गिरफ्तारी तक शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया गया। एएसपी अमिता सिंह और सीओ सिटी सौरभ सामंत ने किसी तरह समझाकर लोगों का गुस्सा शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है।

    चक थांबा का रहने वाला था लालचंद्र  

    चक थांबा निवासी 28 वर्षीय लालचंद्र सोनकर पुत्र पथरू 26 जुलाई की सुबह रिश्ते के भतीजे अंकित के साथ बाइक की मरम्मत कराने नारा बाजार गया था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद नारा गांव निवासी सगे भाई वीरेंद्र और मनोज सोनकर ने पुरानी रंजिश को लेकर उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सूचना पर यूपी-112 पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

    आरोपितों पर केस दर्ज हुआ था 

    लालचंद्र के स्वजन भी नारा गांव आ गए। जख्मी लालचंद्र को लेकर उसके छोटे भाई धर्मेंद्र की पत्नी पार्वती थाने पहुंची। पुलिस ने लालचंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पार्वती की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा कायम किया गया।

    खबरें और भी

    मौत पर जिला अस्पताल में फूटा गुस्सा 

    आज सुबह करीब साढ़े सात बजे जिला अस्पताल में उपचार के दौरान लालचंद्र की मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल में स्वजन व ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका आरोप था कि पिटाई की घटना के बाद भी पुलिस ने समय रहते आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया।

    जान से मारने की दी थी धमकी  

    लालचंद्र के बहनोई जयचंद्र सोनकर ने बताया कि पांच साल पहले लालचंद्र के बड़े भाई दीपक ने हमलावरों के परिवार की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों सूरत में रहते थे, लेकिन करीब दो वर्ष पहले युवती मायके लौट आई थी। 10 दिन पहले सूरत में दीपक और वीरेंद्र के बीच विवाद हुआ था। वीरेंद्र भी वहीं पर रहकर प्राइवेट नौकरी करता था। इसके बाद वीरेंद्र गांव आ गया। उसने दीपक को धमकी दी थी कि उसके परिवार का कोई भी मिला तो वह उसे मार डालेगा।

    26 जुलाई को घायल युवक अपनी भाभी के साथ थाने आया था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। प्रथम दृष्टया घटना का कारण पुरानी रंजिश सामने आई है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।
    - सत्यनारायण प्रजापत, एसपी।

    यह भी पढ़ें- प्रयागराज : अपर आयुक्त को जान से मारने की धमकी, मंडलायुक्त कार्यालय में घुसकर साथियों संग गुंडे ने अभद्रता व हंगामा भी किया

    यह भी पढ़ें- स्मरण शक्ति पर 'सूडो डिमेंशिया' का हमला, हो रही भूलने की बीमारी; मोबाइल के लत व मानसिक भटकाव से बचें