लखीमपुर में जिलाधिकारी कार्यालय प्रांगण में कुल्हाड़ी लहराने लगा शिकायत लेकर पहुंचा युवक, वीडियो वायरल
Lakhimpur News: युवक की मां ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिन से थाने और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नही ...और पढ़ें
HighLights
डीएम को प्रार्थन-पत्र देकर निकले युवक ने कुल्हाड़ी लहराकर किया प्रदर्शन
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद हिदायत देकर छोड़ा
संवाद सूत्र, लखीमपुर। जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर बाहर निकला एक युवक अचानक कुल्हाड़ी लहराकर सभागार के सामने प्रदर्शन करने लगा। इससे वहां मौजूद फरियादियों और सुरक्षाकर्मी दहशत में आ गए और वहां पर अफरातफरी मच गई। इस घटना की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर हिदायत देकर छोड़ दिया। इस घटना का वीडियो भी वायरल है।
जिलाधिकारी प्रांगण में कुल्हाड़ी लहराने वाले राम सिंह ने खुद को पृथ्वीराज चौहान का वंशज बताकर वहां लोगों को धमकाया भी। राम सिंह ने इस दौरान कहा कि हमने पंचर जोड़ने का भी काम किया है। मेरे पिता साइकिल की अच्छी सर्विसिंग करते थे और अब मैं यहां पर तैनात अच्छे-अच्छे अधिकारियों की सर्विस कर दूंगा।
सिंगाही थाना के गांव भैरमपुर के राम सिंह ने गुरुवार को डीएम आफिस पहुंचकर प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि गांव में वह जिस जमीन पर करीब 20 वर्ष से कूड़ा डाल रहा है, उस पर पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह कब्जा करना चाहते हैं। गत दिवस कूड़ा डालने जाने पर पूर्व प्रधान ने अपने पुत्र जितेंद्र सिंह, विनोद सिंह एवं नीरज सिंह के साथ गलियां देकर जानमाल की धमकी देकर मारपीट पर आमादा हो गए।
आरोप है कि पूर्व प्रधान आदि ने जान से मारने की धमकी दी। राम सिंह का कहना है कि इस मामले में थाने पर तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर वह डीएम कार्यालय आ गया। डीएम को प्रार्थना पत्र देने के बाद बाहर निकले राम सिंह ने अचानक कुल्हाड़ी लहराते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। युवक को कुल्हाड़ी संग प्रदर्शन करता देख कर मौजूद फरियादियों से लेकर सुरक्षा में मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरातफरी मच गई।
खबरें और भी
युवक की मां ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिन से थाने और प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। जबकि पूर्व प्रधान परिवार को जानमाल की धमकी दे रहा है। इससे परिवार को जान का खतरा बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि घर में दो छोटे बच्चे हैं और बहू की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। ऐसे में पूरा परिवार दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है। सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने कुल्हाड़ी के साथ युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
राम सिंह कर रहा कब्जे का प्रयास
कलेक्ट्रेट में कुल्हाड़ी का प्रदर्शन करने के बाद हरकत में आई सिंगाही पुलिस राम सिंह के गांव पहुंची। वहां पर ग्रामीणों ने राम सिंह पर ही कब्जा कर बनाई नाली बनवाने का आरोप लगाया है। महिला सुंदरी ने बताया वह दुकान करती है। राम सिंह सिर्फ उन्हें ही नहीं, बल्कि दुकान पर आने वालों को भी गलियां देता है।
हिदायत देकर छोड़ दिया
शहर कोतवाल, राजेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया था। उसकी मां ने मानसिक संतुलन ठीक न होना बताया। इसलिए उसे हिदायत देकर छोड़ दिया है। इस तरह की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और चुस्त दुरुस्त किया जाएगा।