मैनपुरी में बुकिंग के बाद भी बरात में नहीं पहुंचा बैंड, शिकायत करने पहुंचा दूल्हा तो संचालक ने लगाई पिटाई
शिकायत करने पहुंचे दूल्हे देवेंद्र राजपूत को बैंड संचालक टिंकू और उसके साथियों ने मिलकर पीटा, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ...और पढ़ें

फाइल फोटो।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। बुकिंग के बाद भी बैंड-बाजा बरात में समय से नहीं पहुंच सका। इससे हुई शर्मिंदगी के कारण शादी के बाद जब दूल्हा बैंड संचालक से शिकायत करने पहुंचा तो बैंड मालिक ने साथियाें के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
20 अप्रैल को थी युवक की शादी
थाना कुरावली अंतर्गत गांव सुजरई निवासी देवेंद्र राजपूत ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उनकी 20 अप्रैल को शादी थी। इसके लिए उन्होंने 20 जनवरी 2026 को ही महाराजा बैंड की बुकिंग की थी। इसके मालिक टिंकू हैं। बुकिंग के बाद भी शादी वाले दिन बैंड मौके पर नहीं पहुंचा। इससे देवेंद्र को शादी में परेशानी और शर्मिंदगी उठानी पड़ी।पीड़ित का आरोप है कि उसने कई बार टिंकू को फोन किया लेकिन वह टालमटोल करता रहा।
25 अप्रैल को शिकायत करने गए दूल्हे को बैंड संचालक ने पीटा
शादी के बाद जब 25 अप्रैल को देवेंद्र बैंड संचालक टिंकू से बात करने गया तो उसने देवेंद्र को घिरोर रोड चुंगी पर बुलाया। यहां पहुंचने पर बैंड मालिक टिंकू, राजन निवासी कुंवरपुर सहित अन्य दो साथियों ने मिलकर पीड़ित और उसके साथ गए एक अन्य युवक को गालियां देते हुए पिटाई कर दी।
इंस्पेक्टर ललित भाटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- आगरा: 112 नंबर पर मदद मांगने वाले को पुलिस ने दी थर्ड डिग्री, बेरहमी से पीटने के बाद मैदान में फेंका
यह भी पढ़ें- आगरा: मानसिक स्वास्थ्य संस्थान हॉस्टल में एमडी छात्रा मृत मिलीं, दवा की ओवरडोज से आत्महत्या की आशंका