ग्रेटर नोएडा में जुर्माने की आड़ में हो रही वसूली? वायरल वीडियो ने खोली प्राधिकरण की पोल, 'फिक्स रेट' पर धनउगाही
ग्रेटर नोएडा में रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं से जुर्माने की आड़ में अवैध वसूली का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो वायरल हुआ है। इसमें प्राधिकरण के अधिकारि ...और पढ़ें

पाॅश मशीन द्वारा काटी गई पर्ची एवं रेहड़ी-पटरी विक्रेता को हाथ से बनाकर दी गई पर्ची। सौ. शिकायतकर्ता
HighLights
रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं से जुर्माने की आड़ में अवैध वसूली।
ग्रेटर नोएडा के डेल्टा वन मेट्रो स्टेशन पर घटना।
प्राधिकरण अधिकारियों की मिलीभगत का आरोप, वीडियो वायरल।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं से जुर्माने की आड़ में अवैध वसूली का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। मामला डेल्टा वन सेक्टर के मेट्रो स्टेशन के नीचे का बताया जा रहा है।
मामले की शिकायत प्राधिकरण के उच्च अधिकारियों से की गई है। शिकायतकर्ता सुभाष भाटी का आरोप है कि प्राधिकरण की टीम मेट्रो स्टेशन के नीचे रेहड़ी पटरी विक्रेताओं से जुर्माना लगाने की कार्रवाई करने की आड़ में अवैध वसूली कर रही है। दावा किया कि प्राधिकरण के अधिकारियों की मिलीभगत से सारा खेल चल रहा है।
वसूल रहे साढ़े तीन हजार रुपये
सेक्टर अल्फा टू के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सुभाष भाटी ने बताया कि वह शुक्रवार की रात को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय से किसानों का धरना समाप्त हो जाने के बाद घर वापस लौट रहे थे। तभी कुछ लोग डेल्टा वन मेट्रो स्टेशन के नीचे खड़े रेहड़ी पटरी विक्रेताओं से जुर्माना की आड़ में कुछ लोग अवैध उगाही करते नजर आए। आरोप लगाया कि 1770 रुपये की ऑनलाइन पाॅश मशीन से पर्ची काटकर साढ़े तीन हजार रुपये वसूले जा रहे थे।
एकाएक रेहड़ी पटरी विक्रेताओं की संख्या बढ़ी
इतना ही नहीं एक रेहड़ी पटरी विक्रेता की पर्ची काटने के बाद उसी पर्ची पर दूसरे रेहड़ी पटरी विक्रेता से पैसे की वसूली कर हाथ से पैसे व साइन कर वसूली की जा रही थी। सुभाष भाटी का आरोप है कि प्राधिकरण अधिकारियों की मिलीभगत से पूरा स्केम चल रहा है। प्रत्येक सेक्टर, मुख्य सड़क समेत कामर्शियल स्थानों पर एकाएक रेहड़ी पटरी विक्रेताओं की संख्या बढ़ गई है।
खबरें और भी
सीनियर मैनेजर ने नहीं उठाया फोन
सेक्टरवासियों का आरोप है कि जुर्माने की ओट में रेहड़ी पटरी विक्रेताओं से साढ़े तीन से चार हजार रुपये की हर महीने वसूली की जाती है। वसूली के बाद रेहड़ी पटरी विक्रेता को पूरे महीने खड़ा होने की पूरी छूट दे दी जाती है। इस संबंध में प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक सन्नी यादव से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।