दिल्ली से आगरा लौट रहे मुनीम से हाईवे पर सोने-चांदी के गहने की लूटपाट, थोड़ी देर के लिए रोकी थी कार
ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के हथियारबंद बदमाशों ने आगरा के एक ज्वेलर्स के मुनीम से लाखों के सोने-चांदी से भरा बैग लूट लिया। पुलिस ...और पढ़ें

पुलिस टीम एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एआई इमेज
HighLights
यमुना एक्सप्रेसवे पर ज्वेलर्स के मुनीम से लाखों के गहने लूटे गए।
हथियारबंद बदमाशों ने कार रोककर सोने-चांदी से भरा बैग छीना।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, संदिग्धता पर जोर।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर कार सवार हथियारबंद बदमाश आगरा निवासी ज्वेलर्स के मुनीम से लाखों रुपए की सोने-चांदी से भरा बैग लूट कर फरार हो गए। घटना बीटा-दो कोतवाली क्षेत्र में रविवार तड़के करीब 3:30 बजे हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
आगरा के कमला नगर निवासी पंकज अग्रवाल की ज्वेलरी की दुकान पर काम करने वाले मुनीम राम कुमार शर्मा और ड्राइवर दीपक चौहान एक अगस्त की रात 10 बजे इटियोज कार से दिल्ली के चांदनी चौक स्थित ट्रांसपोर्ट से सामान लेने गए थे।
वहां से सोने-चांदी के गहनों के अलावा कच्ची चांदी लेकर वे रात तीन बजे आगरा के लिए निकले। रास्ते में कालिंदी कुंज से एक सवारी सलमान और नोएडा हाईवे से हर्षित गर्ग को एडवांस बुकिंग के जरिए गाड़ी में बैठाया गया।
पीड़ित राम कुमार शर्मा ने बताया कि जब वे यमुना एक्सप्रेसवे पर लगभग 2 किलोमीटर माइल स्टोन के पास पहुंचे तो ड्राइविंग सीट बदलने के लिए गाड़ी रोकी। इसी दौरान पीछे से बिना नंबर की सफेद बलेनो कार में आए चार बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी गाड़ी रोक ली।
खबरें और भी
बदमाशों ने हथियार दिखाकर दोनों को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इनमें से एक बदमाश उनकी कार में बैठकर दिल्ली से लाया गया थैला निकाल ले गया, जिसमें सोने-चांदी के गहने और कच्ची चांदी थी। इसके बाद बदमाश थैला लेकर फरार हो गए।
सूचना पर बीटा-2 कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इसलिए शिकायतकर्ता की काल डिटेल , यात्रा के पूरे रूट, मोबाइल लोकेशन और एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का मिलान किया जा रहा है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।