लालकुआं से दादरी बाईपास जोड़ने के लिए बनेगी 8 KM लंबी एलिवेटेड रोड, NHAI के फैसले से अलीगढ़ की राह आसान
NHAI ने गाजियाबाद के लालकुआं से दादरी के धूममानिकपुर तक 8 किमी लंबी एलिवेटेड रोड को मंजूरी दी है। इससे अलीगढ़ की राह आसान होगी। ...और पढ़ें

एनएचएआई ने गाजियाबाद के लालकुआं से दादरी के धूममानिकपुर तक करीब आठ किमी लंबी एलिवेटेड सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति दे दी है। एआई इमेज
HighLights
NHAI ने लालकुआं-धूममानिकपुर एलिवेटेड रोड निर्माण को दी स्वीकृति।
यह 8 किमी लंबी चार लेन सड़क NH 34 का हिस्सा होगी।
गाजियाबाद-दादरी के बीच यातायात जाम की समस्या होगी खत्म।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। गाजियाबाद से अलीगढ़ की राह और आसान होगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने गाजियाबाद के लालकुआं से दादरी के धूममानिकपुर तक करीब आठ किमी लंबी एलिवेटेड सड़क निर्माण के लिए स्वीकृति दे दी है। यह एलिवेटेड रोड एनएच 34 का हिस्सा होगी। इस रोड के बनने से गाजियाबाद और दादरी के बीच वाहनों का दबाव कम होगा, जाम की समस्या का समाधान होगा।
दादरी बाइपास का निर्माण किया गया
एनएचएआई ने जीटी रोड (पूर्व में एनएच 91) के चौड़ीकरण की योजना तैयार की थी, लेकिन दादरी जीटी रोड पर अतिक्रमण और वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए इस योजना को रद करते हुए दादरी बाइपास का निर्माण किया गया।
यह बाइपास लालकुआं और दादरी के बीच धूममानिकपुर से शुरू होकर कोट गांव तक बनाया गया है। 8.15 किमी लंबे छह लेन के लिए डिजाइन किए गए बाइपास को 2010 से वाहनों के लिए खोल दिया गया लेकिन लालकुंआ से धूममानिकपुर तक सड़क के चौड़ीकरण के बाद भी जाम की समस्या हल नहीं हुई।
इसके समाधान के लिए एनएचएआई ने अब एलिवेटेड रोड की योजना तैयार की है। यह रोड 8 किमी लंबी चार लेन होगी। लालकुआं से शुरू होकर धूममानिकपुर में बाइपास से जुड़ जाएगी। इसके बनने से लालकुआं से एलिवेटेड रोड, बाइपास होकर सिकंदराबाद, अलीगढ़ की ओर आवाजाही कर सकेंगे।
खबरें और भी

बाइपास पर जाने के लिए सर्विस रोड
बाइपास का निर्माण हुए कई वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अभी तक यह धूममानिकपुर मेंं लालकुआं की ओर से आने वाले रास्ते से सीधे नहीं जड़ पाया है। इसकी वजह से जमीन की कमी है। इसलिए लालकुआं से बाइपास पर जाने के लिए इसके समानांतर बनी सड़क से होकर करीब आधा किमी दूरी चलनी पड़ती है। इसके बाद बाइपास रोड पर वाहन चढ़ते उतरते हैं।
दादरी औद्योगिक क्षेत्र में जाम की समस्या का होगा समाधान
लालकुआं से दादरी के बीच छपरौला औद्योगिक क्षेत्र है। इस कारण माल वाहक भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके अतिरिक्त जीटी रोड के दोनों ओर बड़ी संख्या में कालोनी, शैक्षिक संस्थान विकसित हो चुके हैं।
बड़ी संख्या में प्रतिदिन लोगों को एक ओर से दूसरी ओर आवाजाही रहती है। भीड़भाड़ के कारण मार्ग पर हादसे होते हैं। कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। सड़क पर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण जाम की स्थिति पैदा होती है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्री व कार्गो सेवा बढ़ने के बाद यात्री दबाव और बढ़ेगा। एलिवेटेड रोड बनने से गाजियाबाद से अलीगढ़, बुलंदशहर की ओर आने जाने वाले वाहन बिना दादरी से होकर गुजरे आवाजाही कर सकेंगे।
हादसे और जाम की समस्या समाप्त होगी
"लालकुआं से धूममानिकपुर के बीच एलिवेटेड रोड के निर्माण के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से अनुरोध किया गया था। केंद्रीय मंत्री ने इस सड़क के लिए अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है। निविदा प्रक्रिया पूरी होती ही निर्माण शुरू हो जाएगा। इस सड़क के बनने से लालकुआं से दादरी के बीच लोगों की आवाजाही सुगम होगी। हादसे और जाम की समस्या समाप्त होगी।"
-तेजपाल सिंह नागर, विधायक, दादरी।
यह भी पढ़ें- आंधी-बारिश में भी नहीं बुझेंगी स्ट्रीट लाइटें, ग्रेटर नोएडा में अपनाया जा रहा है ये तकनीक
यह भी पढ़ें- वृंदावन से दर्शन कर ग्रेटर नोएडा लौट रहे कार सवार दो दोस्तों की सड़क हादसे में मौत, तीन घायल