नोएडा-ग्रेटर नोएडा वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, सितंबर में एक साथ शुरू होंगे 3 मेट्रो और एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट
नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन सितंबर में तीन महत्वपूर्ण मेट्रो विस्तार परियोजनाओं का एक साथ शिलान्यास करने की तैयारी में है। इनमें ग्रेनो वेस्ट मेट्रो प ...और पढ़ें

सितंबर में शुरू होंगे मेट्रो प्रोजेक्ट। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, नोएडा। नोएडा मेट्रो रेल कारपोरेशन (एनएमआरसी) के तहत तीन महत्वपूर्ण मेट्रो विस्तार परियोजनाओं का शिलान्यास एक साथ करने की योजना प्रबंधन ने बनाई है।
सितंबर में इन तीनों परियोजनाओं का संयुक्त शिलान्यास कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए आवश्यक औपचारिकताओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
एनएमआरसी प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने बताया कि दो मेट्रो विस्तार परियोजनाओं के लिए निर्माण कंपनी का चयन जल्द ही किया जाएगा। साथ ही ग्रेनो वेस्ट मेट्रो परियोजना को भी सितंबर तक केंद्र सरकार से अंतिम मंजूरी मिलने की संभावना है। मंजूरी मिलने पर तीनों परियोजनाओं का एक साथ शिलान्यास किया जाएगा।
सितंबर में एक साथ शुरू होंगी तीनों परियोजनाएं
सभी परियोजनाओं की एक साथ शुरुआत से निर्माण कार्यों में बेहतर समन्वय होगा और मेट्रो नेटवर्क के विस्तार की प्रक्रिया में तेजी आएगी। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट के लाखों यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा प्राप्त होगी।
एलिवेटेड रोड परियोजना को भी मिल सकती है मंजूरी
उन्होंने बताया कि रजनीगंधा चौक से सेक्टर-60 तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना को भी अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद है। यदि समय सीमा के भीतर इस परियोजना की स्वीकृति मिल जाती है, तो इसका भी शिलान्यास तीनों मेट्रो परियोजनाओं के साथ होगा।
इन परियोजनाओं के शुरू होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और सड़क पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही, भविष्य की शहरी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक परिवहन का दायरा मजबूत होगा।