होम लोन की EMI में नहीं होगा बदलाव, RBI ने GDP ग्रोथ का अनुमान बढ़ाकर किया 6.7%; रेपो रेट जस का तस
आरबीआई ने अपनी मौद्रिक नीति बैठक में रेपो रेट को 5.25% पर अपरिवर्तित रखा, जिससे नोएडा-ग्रेटर नोएडा के होम लोन धारकों की ईएमआई में कोई बदलाव नहीं होगा। ...और पढ़ें

रेपो रेट नहीं बढ़ा, ईएमआई में भी कोई बदलाव नहीं। फोटो: सांकेतिक
HighLights
आरबीआई ने रेपो रेट 5.25% पर बरकरार रखी
नोएडा-ग्रेटर नोएडा के होम लोन ईएमआई में बदलाव नहीं
रियल एस्टेट बाजार में विश्वास बढ़ा, जीडीपी अनुमान बढ़ा
जागरण संवाददाता, नोएडा। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की मौद्रिक नीति समिति ने वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी द्विमासिक बैठक में रेपो रेट 5.25 प्रतिशत रखी है। रेपाे रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
इससे नोएडा ग्रेटर नोएडा के करीब साढे पांच लाख होम लोन धारकों की ईएमआइ (मासिक किश्त) में कोई बदलाव नहीं होगा।
2026 में चौथी बार आरबीआई ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। रियल एस्टेट में ब्याज दरों में स्थिरता बाजार में भरोसा बनाए रखने और आवासीय मांग को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।
होम लोन धारकों को राहत, जीडीपी वृद्धि अनुमान बढ़ा
तीन से पांच अगस्त तक चली बैठक में वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, पश्चिम एशिया के तनाव, अमेरिकी टैरिफ और अंतरराष्ट्रीय व्यापार की अनिश्चितताओं पर चर्चा हुई।
इन चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को देखते हुए रेपो रेट यथावत रखा गया। पहली तिमाही में महंगाई अनुमान से कम रही, लेकिन कच्चे तेल की कीमतों और आपूर्ति चुनौतियों से आगे दबाव बढ़ सकता है।
आर्थिक विकास को लेकर सकारात्मक संकेत देते हुए आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष की जीडीपी वृद्धि का अनुमान 6.6 से बढ़ाकर 6.7 प्रतिशत कर दिया। जून 2026 तिमाही में 7, सितंबर में 6.4, दिसंबर में 6.5 और मार्च 2027 में 6.8 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है।
रियल एस्टेट सेक्टर ने फैसले का किया स्वागत
गौर ग्रुप के सीएमडी मनोज गौर ने कहा कि रेपो दर बरकरार रखना रियल एस्टेट के लिए सकारात्मक है। इससे डेवलपर्स और घर खरीदार दोनों को योजनाएं भरोसे से आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
काउंटी ग्रुप के डायरेक्टर अमित मोदी ने कहा कि यह अर्थव्यवस्था में संतुलन बनाए रखने का संकेत है और स्थिरता से बेहतर योजना बन सकेगी।
एसकेए ग्रुप के डायरेक्टर संजय शर्मा ने इसे संतुलित फैसला बताया। मिगसन ग्रुप के एमडी यश मिगलानी ने कहा कि यह हाउसिंग सेक्टर के लिए उत्साहजनक है।
अंसल हाउसिंग के डायरेक्टर कुशाग्र अंसल ने इसे स्वागतयोग्य बताया। सिक्का ग्रुप के चेयरमैन हरविंदर सिंह सिक्का ने कहा कि यह भरोसे को मजबूत करता है।
साया ग्रुप के एमडी विकास भसीन ने कहा कि स्थिर ब्याज दर खरीदारों को आत्मविश्वास देती है। होम लोन करीब 7.25 प्रतिशत पर उपलब्ध हैं। उद्योग का मानना है कि महंगाई नियंत्रित रही और विकास की रफ्तार बनी तो आवासीय बाजार और मजबूत होगा।
यह भी पढ़ें- नोएडा: तीन गाड़ियों में आए हमलावरों ने चलाई गोली, बैटरी की दुकान का कर्मचारी घायल
यह भी पढ़ें- स्ट्रीट लाइट बंद मिली तो तुरंत करें मैसेज, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जारी किया टोल फ्री और WhatsApp नंबर
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा: इंडिया एक्सपो मार्ट में कार्यक्रम के चलते आज से 8 अगस्त तक रूट डायवर्जन, जानिए वैकल्पिक मार्ग