कांवड़ यात्रा के लिए यूपी रोडवेज ने बढ़ाई बसें, हर 30 मिनट में इन रूटों पर मिलेगी सेवा
श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के लिए पीलीभीत से प्रमुख शिवालयों तक परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू किया है। बरेली, टनकपुर और पूर्णागिरि जैसे ...और पढ़ें

पीलीभीत रोड वेज बस स्टैंड पर खड़ी बसें। जागरण
HighLights
पीलीभीत से प्रमुख शिवालयों तक अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू।
बरेली, टनकपुर, पूर्णागिरि मार्गों पर हर 30 मिनट में बसें।
कांवड़ियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं, किराए में कोई वृद्धि नहीं।
जागरण संवाददाता, पीलीभीत। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को देखते हुए परिवहन निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पीलीभीत से प्रमुख शिवालयों तक अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया है। एआरएम ने बताया कि बरेली, टनकपुर और पूर्णागिरि मार्ग पर सुबह पांच बजे से रात 10 बजे तक हर 30 मिनट पर बसें चलेंगी। कांवड़ियों को परेशानी न हो इसके लिए बसों में अलग से बैठने की जगह और पीने के पानी की व्यवस्था की गई है।
निगम ने स्पष्ट किया है कि यात्रा सीजन में किराए में किसी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। यातायात पुलिस ने बस स्टैंड और प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति न बने इसके लिए विशेष ड्यूटी लगाई है।
स्थानीय मार्गों के साथ-साथ बदायूं, मुरादाबाद, दिल्ली, टनकपुर और कानपुर सहित अन्य दूरस्थ मार्गों पर भी बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं के साथ आम यात्रियों को भी सुविधा मिल सके। रोडवेज डिपो के पास वर्तमान में 106 बसें उपलब्ध हैं।
एआरएम ने चालक और परिचालकों को यात्रा को संपन्न कराने के दिए निर्देश
एआरएम ने बताया कि सभी बसों की मरम्मत और फिटनेस का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है, ताकि यात्रा के दौरान कोई तकनीकी दिक्कत न आए। इसके साथ ही चालक और परिचालकों के साथ बैठक कर उन्हें यात्रियों से शालीन व्यवहार, समय से बस संचालन और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग का कहना है कि कांवड़ियों और आम जनता दोनों को सुगम यात्रा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
यह भी पढ़ें- बरेली-बदायूं बस यात्रा सावन में होगी महंगी: डायवर्जन के दौरान 50 की जगह 105 KM का सफर, किराया 161 रुपये
रविवार से सोमवार शाम तक नौगवां चौराहा पर नहीं खड़ी होंगी बसें
कांवड़ यात्रा के चलते रविवार से सोमवार शाम तक नौगवां चौराहा पर बसों की पार्किंग पर रोक रहेगी। एआरएम ने बताया कि इस दौरान किसी भी रोडवेज या निजी बस को चौराहे पर खड़ा नहीं किया जाएगा। यातायात पुलिस ने जाम और हादसे रोकने के लिए यह निर्णय लिया है। बसों को डिपो और निर्धारित स्टैंड पर ही खड़ा किया जाएगा। चालकों को वैकल्पिक रूट से संचालन के निर्देश दिए गए हैं।