इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रनेता पर फायरिंग, बाल-बाल बचे; आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश
प्रयागराज के तेलियरगंज में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रनेता रजनीश कुमार सिंह पर थार सवार हमलावरों ने फायरिंग की। वह बाल-बाल बच गए, जबकि हमलाव ...और पढ़ें

प्रयागराज के तेलियरगंज में कार सवार छात्रनेता पर फायरिंग करने वाले फरार हैं।
HighLights
थार सवारों ने छात्रनेता की कार को ओवरटेक करके की फायरिंग
प्रयागराज के तेलियरगंज मुहल्ले में वारदात को दिया गया अंजाम
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रनेता व अधिवक्ता रजनीश कुमार सिंह उर्फ रिशू पर बुधवार रात फायरिंग की गई। मामले में शिवकुटी पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। कैंट, शिवकुटी और कर्नलगंज क्षेत्र में कई जगहों पर पुलिस टीम पहुंची, लेकिन आरोपित हाथ नहीं लगे। दावा है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गांव से कार में सवार होकर लौटते समय वारदात
बाबा चौराहे के पास रहने वाले पूर्व छात्रनेता रजनीश कुमार सिंह बुधवार रात अपने गांव बनवीपुर से वापस घर लौट रहे थे। तेलियरगंज के पास एक थार वाहन ने उनकी कार को ओवरटेक किया। अचानक थार में मौजूद हमलावर ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक गोलीबारी होने से रजनीश कुमार सिंह सहम गए।
वाहन छोड़कर हमलावर फरार
हालांकि, कुछ ही क्षण में वह संभले और फिर साथियों समेत थार का पीछा किया, लेकिन हमलावर कलश चौराहे के पास थार छोड़कर भाग निकले। मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में पहुंचा तो शिवकुटी पुलिस ने एफआइआर दर्ज करते हुए हमलावरों की तलाश शुरू की। पीड़ित ने एक वीडियो भी पुलिस को सौंपा है, जो घटना से संबंधित बताया जा रहा है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हमलावरों की तलाश
इंस्पेक्टर शिवकुटी वीरेंद्र यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को देखा जा रहा है। हमलावरों की तलाश में दबिश भी दी जा रही है।