बदमाश के हाथ में फटा बम, दूसरे को मारने जा रहा था खुद हुआ घायल; प्रयागराज के रोशनबाग में हुई घटना
प्रयागराज के रोशनबाग इलाके में एक बदमाश का युवक से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बदमाश युवक को मारने के लिए बम लेकर दौड़ा, लेकिन बम उसके हाथ में ...और पढ़ें

प्रयागराज के रोशनबाग मुहल्ले में झगड़े के दौरान एक बदमाश के हाथ में बम फट गया।
HighLights
खुल्दाबाद के रोशनबाग मुहल्ले में बदमाश का युवक से हुआ था विवाद
बम लेकर बदमाश युवक को मारने जा रहा था, तभी हाथ में फट गया था
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर के खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के रोशनबाग मुहल्ले में शनिवार सुबह आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति का एक युवक से विवाद हो गया। बात बढ़ी तो बदमाश हाथ में बम लेकर युवक को मारने दौड़ा। इसी बीच उसके हाथ में ही बम फटने से वह घायल हो गया। बम के धमाका सुन लोगों में खलबली मच गई।
बदमाश का युवक से हुआ था झगड़ा
बताया गया है कि खुल्दाबाद के रोशनबाग क्षेत्र में रहने वाले एक आपराधिक प्रवृत्ति के युवक का मुहल्ले में रहने वाले दूसरे युवक से किसी बात को लेकर शनिवार सुबह झगड़ा हो गया। विवाद बढ़ने पर अपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति बम लेकर मारने के लिए दौड़ने लगा। इसी दौरान बम फट गया, जिससे उसका हाथ जख्मी हो गया।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायल बदमाश फरार
धमाके की आवाज सुन स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। राहगीरों व मुहल्ले के लोगों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, घायल व्यक्ति वहां से फरार हो चुका था। कहा जा रहा है कि उसे किसी अस्पताल में भिजवाया गया है। हालांकि अभी तक किसी ने लिखित रूप से पुलिस को शिकायत नहीं दिया है। खुल्दाबाद पुलिस स्थानीय लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटा रही है। एसीपी रवि गुप्ता का कहना है कि घटना की वास्तविकता का पता लगाया जा रहा।
शहर में पहले भी हो चुकी हैं बमबाजी की घटनाएं
हालांकि इससे पहले भी शहर में बमबाजी की घटनाएं होती रही है। होली के दौरान कर्नलगंज थाना क्षेत्र के कटरा में भी दो गुटों में विवाद के दौरान फायरिंग के बाद बमबाजी की गई थी। उस घटना में पीड़ित पक्ष की ओर से चार नामजद और सात अज्ञात मिला मुकदमा लिखाया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।