साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में 'डिजिटल प्रहरी' तैयार करेगा MNNIT प्रयागराज, छात्रों को विशेष इंटर्नशिप के अवसर देगा
मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) प्रयागराज ने साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में 'डिजिटल प्रहरी' तैयार करने के लिए 6-8 सप्ताह की विशेष इ ...और पढ़ें

मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) प्रयागराज।
HighLights
संस्थान सूचना सुरक्षा परियोजना के तहत छह से आठ सप्ताह की विशेष इंटर्नशिप शुरू करेगा
तकनीक के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बेहतर अवसर मिलेगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। डिजिटल युग में जहां हर क्लिक के साथ डेटा का खतरा भी बढ़ रहा है, वहीं मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआइटी) अब साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नए ‘डिजिटल प्रहरी’ तैयार करने जा रहा है। संस्थान ने सूचना सुरक्षा परियोजना के तहत छह से आठ सप्ताह की एक विशेष इंटर्नशिप शुरू करने की घोषणा की है, जो तकनीक के क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए किसी गोल्डन टिकट से कम नहीं है।
साइबर खतरों से मुकाबला की तैयारी
यह पहल इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (माइटी) द्वारा प्रायोजित सूचना सुरक्षा, शिक्षा और जागरूकता परियोजना के तहत संचालित होगी। इसमें प्रशिक्षण के साथ ऐसे प्रभावी माॅडल और रणनीति विकसित की जाएंगी, जो भविष्य में बढ़ते साइबर खतरों से मुकाबला कर सकें।
सैद्धांतिक ज्ञान संग समस्याओं पर समाधान
कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग की ओर से प्रस्तावित इंटर्नशिप में पांच छात्रों का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को डेटा सुरक्षा, नेटवर्क सुरक्षा और साइबर अटैक से बचाव के व्यावहारिक तरीकों पर काम करने का मौका मिलेगा। इसमें वह सैद्धांतिक ज्ञान के साथ वास्तविक समस्याओं पर तकनीकी समाधान विकसित करने की प्रक्रिया से भी गुजरेंगे।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस कार्यक्रम के लिए बीटेक, एमसीए, बीसीए, बीएससी या एमएससी (कंप्यूटर साइंस/आईटी या समकक्ष विषय) में अध्ययनरत छात्र आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों के पास प्रोग्रामिंग, साफ्टवेयर-हार्डवेयर की समझ और मजबूत शैक्षणिक पृष्ठभूमि होना जरूरी है।
खबरें और भी
चयनित छात्रों को दो माह के लिए 20 हजार मिलेंगे
वहीं, क्रिप्टोग्राफी, नेटवर्क सिक्योरिटी और साइबर सिक्योरिटी से जुड़े टूल्स या भाषाओं का ज्ञान अतिरिक्त बढ़त दिला सकता है। इंटर्नशिप के दौरान चयनित छात्रों को दो महीनों के लिए कुल 20,000 रुपये का वित्तीय सहयोग मिलेगा।
21 मई तक करें आवेदन
आवेदन के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष निर्धारित की गई है और इच्छुक अभ्यर्थी 21 मई तक आवेदन कर सकते हैं। यह इंटर्नशिप एक तरफ तकनीकी कौशल को धार देने का अवसर है और दूसरी तरफ साइबर सुरक्षा जैसे तेजी से उभरते क्षेत्र में मजबूत करियर की नींव रखने का भी सुनहरा मौका है।