त्वचा की दुर्लभ बीमारियों पर रोकथाम व कारगर इलाज कैसे हो? प्रयागराज में समाधान को जुटेंगे देशभर के विशेषज्ञ
मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज प्रयागराज में त्वचा रोग विभाग चार अप्रैल को मिड सेशन क्लीनिकल केस कान्फ्रेंस आयोजित करेगा। इसमें देशभर के त्वचा रोग विशेषज् ...और पढ़ें

प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में होने वाली कान्फ्रेंस की जानकारी देते डॉ. सूर्यकांत ओझा व त्वचा रोग विभाग अध्यक्ष डॉ. अमित शेखर। जागरण
HighLights
मोतीलाल नेहरू मेडिकल काॅलेज के त्वचा रोग विभाग कराएगा 'मिड सेशन क्लीनिकल केस कान्फ्रेंस'
दुर्लभ केस वाले मरीजों को सभी रेजीडेंट और कंसल्टेंट डाॅक्टरों के सामने लाकर चर्चा की जाएगी
मेडिकल काॅलेज परिसर के डाॅ. प्रीतमदास प्रेक्षागृह में चार अप्रैल को सुबह नौ बजे से होगी कान्फ्रेंस
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। त्वचा की बीमारियों में तमाम दुर्लभ केस कभी-कभी डाॅक्टरों को भी परेशान कर देते हैं। मरीज की हालत देखने पर यह नहीं समझ आता कि इसकी डायग्नोसिस कैसे बने और इलाज की शुरुआत कहां से की जाए। इस मामले में प्रयागराज में शनिवार चार अप्रैल को होने जा रही 'मिड सेशन क्लीनिकल केस कान्फ्रेंस' महत्वपूर्ण होगी।
कहां-कहां से आएंगे डॉक्टर?
इस आयोजन में प्रयागराज के साथ ही उत्तर प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों, जम्मू-कश्मीर तथा उत्तराखंड से भी त्वचा रोग विशेषज्ञ शामिल होंगे। पहली बार यहां ऐसी कांफ्रेन्स होगी जिसमें दुर्लभ केस वाले मरीजों को सभी रेजिडेंट और कंसल्टेंट डाॅक्टरों के सामने लाकर उन पर आपसी चर्चा होगी। मोतीलाल नेहरू मेडिकल काॅलेज के त्वचा रोग विभाग की ओर से यह आयोजन मेडिकल काॅलेज परिसर स्थित डाॅ. प्रीतमदास प्रेक्षागृह में सुबह नौ बजे से होगा।
इन बीमारियों पर विशेषज्ञ करेंगे मनन
यह जानकारी देते हुए त्वचा रोग विभागाध्यक्ष डाॅ. अमित शेखर और सहायक आचार्य डाॅ. सूर्यकांत ओझा ने बताया कि दुर्लभ तरह के फफोले, फोड़े, अल्सर, त्वचा में दुर्लभ गंजापन, नाखून की बीमारी, कुष्ठ रोग, गुप्त रोग और बच्चों में त्वचा की बीमारियां कभी-कभी डाॅक्टरों की समझ में नहीं आती हैं। इसके चलते डायग्नोसिस नहीं बन पाती है और सही दिशा में इलाज नहीं हो पाता है।
इलाज के समाधान की लाइव प्रस्तुति होगी
उन्होंने बताया कि इस तरह के केस प्रयागराज के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी डाॅक्टरों के सामने आते रहते हैं। ऐसे चुनिंदा मरीजों को शनिवार को होने वाली एक दिवसीय कान्फ्रेंस में बुलाया गया है। इन्हें मंच पर इन मरीजों को लाकर उनकी बीमारी, डायग्नोसिस और इलाज की योजना पर लाइव प्रस्तुति होगी।
खबरें और भी
विशेषज्ञों की उपस्थिति में होगी क्विज
यूपीआइएडीवीएल समिति की अध्यक्ष डाॅ. सुधा यादव के अलावा जम्मू और कश्मीर से कर्नल डाॅ. ब्रजेश नायर, उत्तराखंड से डॉ. विजय बकाया, डाॅ. डीके उमर आदि विशेषज्ञ आएंगे। इनके सामने मरीजों की बीमारियों पर लाइव प्रस्तुति होगी। उत्तर प्रदेश और दूसरे राज्यों से भी आ रहे रेजिडेंट तथा कंसल्टेंट डाक्टरों के बीच चर्चा होगी, उसी में क्विज होगी जो एक परीक्षा की तरह रहेगी।
डाॅ. एके बजाज ने शुरू की थी व्यवस्था
डाॅ. अमित शेखर ने बजाया कि इस तरह की वैज्ञानिक गोष्ठी की व्यवस्था प्रयागराज में चर्चित त्वचा रोग विशेषज्ञ स्व. डाॅ. एके बजाज ने शुरू की थी। इसके आयोजन लगातार हो रहे हैं। शनिवार को 26वीं कान्फ्रेंस हाेने जा रही है।