प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के 2647 पदों पर होगी भर्ती, रिक्तियां उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड
उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के 2647 पदों पर भर्ती करेगा। शिक्षा निदेशालय ने ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज।
HighLights
शिक्षा निदेशालय ने शिक्षा सेवा चयन आयोग के पोर्टल पर भेजे रिक्त पदों के विवरण
प्रधानाचार्य के रिक्त पदों की संख्या 1475 एवं प्रधानाध्यापक के 1172 पद रिक्त दर्शाए
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों के लिए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक के 2647 पदों पर भर्ती करेगा। इसके लिए शिक्षा निदेशालय ने प्रधानाचार्य के 1475 तथा प्रधानाध्यापक के 1172 रिक्त पदों का विवरण (अधियाचन) आयोग के ई-अधियाचन पोर्टल पर आनलाइन अपलोड कर दिया है।
लंबित शिक्षक भर्तियों को पूर्ण करने का प्रयास
शिक्षा निदेशालय ने जनपदों की ओर से भेजे गए उन पदों को नए अधियाचन से हटा दिया है, जो वर्ष 2011 एवं 2013 की प्रधानाचार्य भर्ती में भेजे गए थे, और वह भर्तियां अभी पूरी नहीं हुई हैं। शिक्षा सेवा चयन आयोग उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड से मिली लंबित शिक्षक भर्तियों को पूर्ण करने की प्रक्रिया के साथ नई भर्तियां भी देने की कोशिश में जुटा है।
अधियाचन पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी
इसके लिए आयोग प्रधानाचार्य एवं प्रधानाध्यापक पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा योजना एवं पाठ्यक्रम पहले ही जारी कर चुका है। इस बीच शिक्षा निदेशालय की ओर से दोनों स्तर के पदों के लिए अधियाचन पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शिक्षा निदेशालय को इसके पहले प्रधानाचार्यों/प्रधानाध्यापकों को इससे अधिक रिक्त पद जिलों से प्राप्त हुए थे, लेकिन परीक्षण में पाया गया कि वर्ष 2011 एवं 2013 के उन पदों को पुन: रिक्त दर्शाकर भेज दिया गया है, जिनका प्रकरण हाई कोर्ट में विचाराधीन है।
प्राचार्य व असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों का अधियाचन मिला
ऐसे में उप शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) डॉ. ब्रजेश मिश्र ने पुन: परीक्षण कर रिक्तियां भेजने के निर्देश जिला विद्यालय निरीक्षकों को दिए थे। इसके बाद अपडेट मिले रिक्त पदों को अपर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कामताराम पाल ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक के अनुमोदन के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू किए जाने के लिए आयोग के पोर्टल पर अपलोड करा दिया। आयोग को इसके अलावा उच्च शिक्षा निदेशालय से प्राचार्य के 111 तथा असिस्टेंट प्रोफेसर के 2107 पदों का आनलाइन अधियाचन पोर्टल पर मिल चुका है।