UP TET 2026 : दो पीढ़ियों ने एक साथ दी परीक्षा, पिता ने नौकरी बचाने के लिए, बेटे ने नौकरी पाने के लिए दी टीईटी
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यूपी टीईटी 2026 परीक्षा में कई स्थानों पर दो पीढ़ियों ने एक साथ भाग लिया। पिता ने नौकरी बचाने और बेटे ने शिक्षक बनने के ल ...और पढ़ें

UP TET 2026 में कई स्थानों पर दो पीढ़ियों ने परीक्षा दी।
HighLights
प्रयागराज के शिक्षक व बेटे ने जौनपुर में दी टीईटी
मम्मी-पाता के साथ बेटी ने दी परीक्षा, वीडियो वायरल
एक लाख शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण होने की उम्मीद
अवधेश पाण्डेय, जागरण, प्रयागराज। UP TET 2026 बिना शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण हुए विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों के इसे उत्तीर्ण करने की सुप्रीम कोर्ट की अनिवार्यता के कारण ऐसी स्थिति बनी कि कई स्थानों पर दो पीढ़ियों ने एक साथ परीक्षा दी। इसमें पिता ने नौकरी बचाने/पदोन्नति पाने के लिए तो बेटे में शिक्षक भर्ती की पात्रता हासिल करने के लिए परीक्षा दी।
वीडियो वायरल, बेटी बोली- मैं व माता- पिता ने दी परीक्षा
इसी तरह एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित है, जिसमें बेटी ने बताया कि उसने शिक्षक पात्रता हासिल करने के लिए कल परीक्षा दी थी, आज अपनी शिक्षक मम्मी का पेपर दिलाने पहुंची। उसके शिक्षक पापा का परीक्षा केंद्र जौनपुर था, जहां उन्होंने परीक्षा दी।
पुत्र संग शिक्षक ने दी परीक्षा, कहा- जरूरत पड़ी तो फिर दूंगा परीक्षा
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से कराई गई तीन दिवसीय इस पात्रता परीक्षा में प्रयागराज के इरादतगंज में नियुक्त शिक्षक मनोज कुमार पाठक ने जौनपुर में परीक्षा दी, उनके साथ उनके बेटे प्रभव पाठक ने शिक्षक पात्रता हासिल करने के लिए परीक्षा दी है। उसका भी केंद्र जौनपुर में अलग विद्यालय में पड़ा था। दोनों लोग परीक्षा देने साथ गए थे। उन्होंने बताया कि परीक्षा देना अच्छा लगा। परिणाम जो भी हो देखा जाएगा। जरूरत पड़ी तो फिर परीक्षा देंगे।
प्रयागराज की ही बेटी-मम्मी परीक्षा में हुईं शामिल
UP TET 2026 प्रयागराज के ही मांडा की निकिता जायसवाल और उनकी मम्मी अलग-अलग विद्यालय में शिक्षक हैं। मां-बेटी ने एक साथ टीईटी के लिए तैयारी की और अलग-अलग केंद्र पर परीक्षा में सम्मिलित हुईं। परिणाम अच्छा आने की उम्मीद जताई है।
खबरें और भी
इंटरनेट एवं पुस्तकों से उत्तरों का किया मिलान
इसके अलावा शिक्षक बनने की पात्रता हासिल करने वाले अभ्यर्थियों के साथ विद्यालयों में नियुक्त शिक्षकों ने भी परीक्षा देने के बाद इंटरनेट के विभिन्न प्लेटफार्मों पर उपलब्ध सामग्री एवं पुस्तकों से उत्तरों का मिलान किया। उत्तर सही होने से वह खुश हैं।
अपने ग्रुप में शिक्षकों ने साझा किया अनुभव
UP TET 2026 उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के अध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि वह कंपोजिट विद्यालय देवरिया में नियुक्त हैं और आजमगढ़ में परीक्षा दी। आपस में बनाए गए ग्रुप में शिक्षकों ने जानकारी दी है कि विद्यालयों में अनवरत पढ़ाने के कारण अधिकांश प्रश्नों के उत्तर देने में कठिनाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि एक लाख से ज्यादा शिक्षकों के इसी बार उत्तीर्ण होने की संभावना है।
प्राथमिक टीईटी में अंतिम दिन ऐसे पूछे गए प्रश्न
शनिवार को हुई प्राथमिक स्तर की टीईटी का प्रश्नपत्र परीक्षार्थियों ने अच्छा बताया। प्रश्न पूछा गया कि ‘चांद का मुंह टेढ़ा है’, यह काव्य किसकी रचना है? धार्मिक भेदभाव का सामना करने वाला बच्चा किस तरह का अनुभव करता है। उत्तर में चार विकल्प थे- भावनात्मक तनाव, सकारात्मक भावना, प्रतिवर्त (प्रतिक्रिया) संबंधी समस्याएं तथा बेहतर प्रदर्शन। एक शिक्षक जानबूझकर एक ऐसी उल्झन भरी स्थिति प्रस्तुच करता है, जो बच्चों के मौजूदा विचारों को चुनौती देती है। यह रणनीति किस तरह का बढ़ावा देती है। हिंदी भाषा में व्याकरण, मुहाबरों से अभ्यर्थियों का ज्ञान परखा गया।