सहारनपुर: बरसात में टपकती छत के नीचे चल रहा 33 KV का बिजलीघर, जोखिम उठाकर बिजली आपूर्ति करा रहे कर्मचारी
Saharanpur News: सहारनपुर के गंगोह स्थित 33 केवी विद्युत उपकेंद्र में छत टपकने से 11 केवी स्विचिंग पैनलों पर पानी गिर रहा है, जिससे कर्मचारी जोखिम उठा ...और पढ़ें

विद्युत उपकेंद्र गंगोह
HighLights
विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने को पैनलों को पाॅलिथीन से ढकककर रखने को मजबूर कर्मचारी।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के सिविल विभाग की ओर से मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया।
संवाद सहयोगी, गंगोह (सहारनपुर)। 33 केवी विद्युत उपकेंद्र गंगोह में बरसात के दौरान गंभीर खतरा पैदा हो गया है। उपकेंद्र के स्विच गियर रूम की छत से लगातार पानी टपक रहा है, जिससे 11 केवी स्विचिंग पैनलों पर पानी गिरता रहता है।
कर्मचारी पैनलों को पाॅलिथीन से ढककर किसी तरह विद्युत आपूर्ति सुचारू रखने को मजबूर हैं। यह स्थिति पिछले दो-तीन वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थाई समाधान नहीं किया गया।
उपकेंद्र के स्विच गियर रूम में लगे 11 केवी स्विचिंग चैनलों के माध्यम से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। लगातार बारिश होने पर छत से पानी रिसकर सीधे पैनलों के ऊपर टपकता है।
ऐसे में कर्मचारी पैनलों के अंदर और ऊपर पॉलिथीन लगाकर बिजली आपूर्ति चालू रखते हैं, जिसे बेहद जोखिम भरा काम है। यह नही उपकेंद्र की बाहरी दीवार का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो चुका है और मुख्य गेट के पास का एक हिस्सा टूटा हुआ है।
उपकेंद्र परिसर नीचा होने के कारण बरसात मे तालाब की स्थिति बन जाती है। इसके बावजूद पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के सिविल विभाग की ओर से मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया है।
यह भी पढ़ें- NHAI ने दिया झटका: दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर फिर बढ़ा टोल, सहारनपुर में तो 5 KM के सफर पर भी देने पड़ रहे 115 रुपये
उपखंड अधिकारी (एसडीओ) एसडी प्रताप ने बताया कि इस संबंध में पूर्व मे सिविल विभाग को पत्र भेजा जा चुका है। उम्मीद है कि शीघ्र ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा। फिलहाल बरसात के मौसम में उपकेंद्र की स्थिति कर्मचारियों और विद्युत व्यवस्था दोनों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।