औली में बिछी बर्फ की मोटी चादर, नेशनल स्कीइंग प्रतियोगिता के लिए तिथि तय करने की मांगी अनुमति
औली में भारी बर्फबारी के बाद स्कीइंग प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ी अभ्यास कर रहे हैं। गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) नंदा देवी स्लोप को तैयार कर रहा ...और पढ़ें

चमोली के औली में नंदा देवी स्लोप में प्रशिक्षण लेते खिलाड़ी। जागरण
HighLights
औली में बर्फबारी के बाद स्कीइंग अभ्यास शुरू।
नेशनल गेम्स के लिए फरवरी में तिथि मांगी।
उत्तराखंड की स्कीइंग टीमों का चयन हुआ।
संवाद सहयोगी, जागरण, गोपेश्वर। औली में बर्फ की मोटी चादर बिछते ही स्कीइंग प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ी अभ्यास करने में जुट गए हैं। औली में अंतरराष्ट्रीय स्तर का नंदा देवी स्लोप भी बर्फ से लकदक है।
गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) की ओर से इस बर्फ को मशीन से सेट किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को मजबूत ट्रेक उपलब्ध हो सके।
वहीं, नेशनल स्की कोच एवं स्की माउंट्रेनिंग उत्तराखंड के अध्यक्ष अजय भट्ट ने बताया कि विंटर गेम्स एसोसिएशन आफ उत्तराखंड के विशेषज्ञों की ओर से औली में बर्फ का अवलोकन किया जा चुका है।
गेम्स फरवरी में कराने के लिए जीएमवीएन, पर्यटन विभाग व सरकार को पत्र लिखकर तिथि तय करने की अनुमति मांगी गई है।
स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया की ओर से बीते दिसंबर में उत्तराखंड सरकार को पत्र लिखकर औली में विंटर नेशनल गेम्स कराये जाने को लेकर सहमति जताई गई है। इसके लिए विंटर गेम्स एसोसिएशन आफ उत्तराखंड को आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हालांकि, दिसंबर में बर्फ नहीं पड़ने से औली सहित तमाम चोटियां बर्फविहीन थीं। नेशनल गेम्स की तिथि तय किए जाने को लेकर देरी के साथ आयोजन को लेकर संशय था, वहीं स्पोर्ट्स अथारिटी आफ इंडिया (साई) ने औली में नेशनल गेम्स को लेकर विंटर गेम्स एसोसिएशन आफ उत्तराखंड को लिखित स्वीकृति दे दी थी।
खेल आयोजन को लेकर तकनीकी विशेषज्ञों का कहना है कि नंदा देवी स्लोप में दो फीट से अधिक बर्फ होना जरूरी है। वर्तमान में इस स्लोप पर जरूरत से ज्यादा बर्फ मौजूद है।
जीएमवीएन की ओर से स्लोप को बराबर करने के लिए बर्फ को मशीन चलाकर दबाया जा रहा है, ताकि स्कीइंग के दौरान बर्फ को नुकसान नहीं पहुंचे और खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
नेशनल गेम्स के लिए उत्तराखंड की टीमों का चयन
बर्फबारी के साथ स्कीइंग प्रतियोगिताओं को लेकर विंटर गेम्स एसोसिएशन आफ उत्तराखंड सक्रिय हो गया है।
स्कीइंग नेशनल गेम्स के लिए एसोसिएशन ने तकनीकी विशेषज्ञों की मौजूदगी में औली की बर्फीली ढलानों पर खिलाड़ियों का ट्रायल लेकर अल्पाइन व अल्पाइन स्कीइंग महिला में छह-छह और स्नो बोर्ड व स्की माउंट्रेनिग में तीन-तीन खिलाड़ियों का चयन किया है।
ये खिलाड़ी उत्तराखंड की ओर से देशभर में आयोजित होने वाले स्कीइंग नेशनल गेम्स व खेलो इंडिया में प्रतिभाग करेंगे। इन खेलों में बेहतर प्रदर्शन व मेडल के आधार पर इन्हें राष्ट्रीय टीम में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
एसोसिएशन के सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल ने बताया कि ट्रायल के आधार पर अल्पाइन में अक्षय, सचिन, कविंद्र, अमन, आयुष व रिषभ डिमरी, अल्पाइन स्कीइंग महिला में महक कवाण, संगीता भट्ट, भारती भुजवाण, मुस्कान, प्रियांशी व कशिश, स्नो बोर्ड में ओजस्वी, आयुष व तुषार और स्की माउंट्रेनिंग में शार्दुल, हिमांशु व मयंक का चयन हुआ है।
खबरें और भी
नंदा देवी स्लोप की विशेषता
औली का नंदा देवी स्लोप देश-विदेश के स्की खिलाड़ियों की पहली पंसद है। दक्षिणमुखी यह स्लोप 1,350 मीटर लंबा व 40 मीटर चौड़ा है।
इस पर स्टार्ट प्वांइट तक जाने के लिए चियर लिफ्ट के साथ स्की लिफ्ट मौजूद है। फिस से मान्यता प्राप्त इस स्लोप में वर्ष 2011 में सैफ गेम्स का सफल आयोजन हो चुका है।
वर्ष 2011 में विंटर गेम्स आयोजन से पूर्व स्लोप को इंटरनेशल स्की विशेषज्ञ के निरीक्षण के बाद मान्यता दी गई थी।
वर्ष 2019 में इंटरनेशनल स्की विशेषज्ञों की ओर से इस स्लोप का तकनीकी निरीक्षण किए जाने के बाद 10 साल के लिए मान्यता अवधि बढ़ाई गई। यानी स्लोप पर नेशनल व इंटरनेशनल आयोजन के लिए 2029 तक फिस की मान्यता है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद दिल्ली हरियाणा पंजाब व यूपी से उमड़े पर्यटक, चोपता औली व धनोल्टी में रही भीड़
यह भी पढ़ें- Snowfall In Auli: औली में हुई जमकर बर्फबारी, प्रकृति ने बिखेरे ऐसे अद्भुत नजारे... देखकर रह जाएंगे दंग
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के औली में होगा स्कीइंग का रोमांच, मिली वर्ष 2026 में नेशनल चैंपियनशिप की मेजबानी