बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामला: SIT के निशाने पर मंदिर समिति के 3 और कर्मचारी, जल्द होगी पूछताछ
बदरीनाथ धाम में चढ़ावा हेराफेरी मामले में एसआईटी जल्द ही बदरी-केदार मंदिर समिति के तीन और कार्मिकों से पूछताछ करेगी। ...और पढ़ें

बदरीनाथ धाम।
HighLights
एसआईटी तीन मंदिर कार्मिकों से करेगी पूछताछ
32 दिन की गायब सीसीटीवी फुटेज रिकवर करने का प्रयास
एक सेवानिवृत्त कार्मिक भी जांच के दायरे में
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावा हेराफेरी के आरोपित वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल के अलावा मामले में बदरी-केदार मंदिर समिति के जिन तीन कार्मिकों को संलिप्तता मिली है, उन्हें एसआइटी जल्द पूछताछ के लिए बुला सकती है।
मंदिर समिति उन्हें नोटिस देने की भी तैयारी में है। जबकि, खजांची संदेश मेहता को पहले ही हटाकर नोटिस दिया जा चुका है।
गुरुवार को भी एसआइटी गायब हुई 32 दिन की सीसीटीवी फुटेज की रिकवरी में जुटी रही। इसके लिए एसआइटी ने सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को कब्जे में लिया हुआ है।
एसआइटी जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चढ़ावा हेराफेरी में कई अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के नाम सामने आ सकते हैं। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों की गायब हुई फुटेज को रिकवर करने के प्रयास हो रहे हैं।
मंदिर समिति ने एसआइटी को 13 दिन की फुटेज ही उपलब्ध कराई है। शेष 32 दिनों की फुटेज के बारे में मंदिर समिति का तर्क है कि वह तकनीकी कारणों से गायब हो गई। सूत्रों के अनुसार इस फुटेज के रिकवर होने से कई राज खुलने की संभावना है।
चमोली के एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि एसआइटी ने अपनी जांच सीसीटीवी फुटेज के अध्ययन पर ही केंद्रित रखी है।
फुटेज में जिन लोगों की भी संलिप्तता सामने आएगी, उन्हें भी जांच में शामिल किया जाएगा। मंदिर समिति के सीईओ सोहन सिंह रांगड़ का कहना है कि एसआइटी जांच में मिले तथ्यों के आधार पर ही मंदिर समिति आगे की कार्रवाई करेगी।
तीन में से एक कार्मिक हो चुका है सेवानिवृत्त
एसआइटी को दान-चढ़ावा हेराफेरी मामले में जिन तीन कार्मिकों की संलिप्तता मिली है, उनमें से एक कार्मिक पूर्व में मंदिर समिति से सेवानिवृत्त हो चुका है। बताया गया कि उसे भी चढ़ावे की गणना में लगाया गया था।