देहरादून: शिवालयों में जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना, बम बोल के गूंजे जयकारे
देहरादून के पर्वतीय क्षेत्रों में सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं ने शिवालयों में जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। ...और पढ़ें

सावन के पहले सोमवार को दून के सहारनपुर चौक स्थित पृथ्वीराज मंदिर में जल चढ़ाते श्रद्धालु। जागरण
HighLights
पर्वतीय क्षेत्रों में सावन के पहले सोमवार पर जलाभिषेक किया गया
देहरादून के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि की कामना की
मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजे
जागरण संवाददाता, देहरादून। पर्वतीय क्षेत्र में सावन के पहले सोमवार पर शहर के शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और बिल्व पत्र अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और स्वास्थ्य की कामना की। इस दौरान पूजा पाठ कर जरूरतमंदों को दान भी किया।
सुबह से ही ऐतिहासिक श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर,श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सहारनपुर चौक, जंगम शिवालय पलटन बाजार, प्राचीन शिव मंदिर धर्मपुर, सनातन धर्म मंदिर प्रेमनगर सहित विभिन्न मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। शाम को शृंगार के बाद सामूहिक आरती हुई।
श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत 108 कृष्णागिरि महाराज ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में संक्रांति से सावन मास प्रारंभ हो चुका है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में सावन पूर्णिमा 30 जुलाई से शुरू होगा।
सावन में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है और श्रद्धा से की गई पूजा से मनोकामना पूरी होती है।
कहा कि सावन में श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए सोमवार को जगह-जगह सेवादार भी तैनात रहेंगे।
यह भी पढ़ें- चमोली के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गोपीनाथ और बैराशकुंड महादेव में लगीं लंबी कतारें
यह भी पढ़ें- 29 जुलाई से शिवमय होगा हरिगिरि धाम: श्रद्धालुओं के लिए वाटरप्रूफ पंडाल और सुविधाओं के किए गए पुख्ता इंतजाम