पीएम मोदी ने शेयर की केदारनाथ धाम की अद्भुत तस्वीरें, सात बार कर चुके हैं दर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर बाबा केदार के प्रति अपनी अगाध आस्था व्यक्त करते हुए पुरानी तस्वीरें साझा कीं। ...और पढ़ें
HighLights
पीएम मोदी ने केदारनाथ की पुरानी तस्वीरें साझा कीं
उन्होंने बाबा केदार के प्रति अगाध आस्था व्यक्त की
उत्तराखंड को विकसित भारत में महत्वपूर्ण बताया
राज्य ब्यूरो, देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड से विशेष अनुराग रखने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बाबा केदार के प्रति अगाध आस्था है। ऐसे में जब केदारनाथ धाम के कपाट खुलने का अवसर हो तो श्रद्धा और आस्था का ज्वार उमड़ना स्वाभाविक है। प्रधानमंत्री ने बुधवार को इंटरनेट मीडिया में केदारनाथ की पावन धरा पर पूर्व में बिताए पलों की भावुक तस्वीरें साझा कर बाबा केदार के प्रति फिर अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की।
बता दें कि वर्ष 2014 में देश की बागडोर संभालने के बाद प्रधानमंत्री 28 बार उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं। इसमें उन्होंने सात बार केदारनाथ धाम के दर्शन किए।
प्रधानमंत्री ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर अपने शुभकामना संदेश में कहा कि विकसित भारत के संकल्प में विकसित उत्तराखंड की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पहले बाबा केदार की पावन धरती से उन्होंने कहा था कि ये दशक उत्तराखंड का दशक होगा।
आज उत्तराखंड की प्रगति इस विश्वास को साकार कर रही है। आज पर्यटन, आध्यात्मिकता और आर्थिक प्रगति, तीनों क्षेत्रों में उत्तराखंड नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विकास को जो महायज्ञ चल रहा है, उसने चारधाम यात्रा को पहले से अधिक सुगम, सुरक्षित और दिव्य बनाया है।
आध्यात्मिक संबंध की अभिव्यक्ति
उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से केदारनाथ धाम की तस्वीरों को इंटरनेट मीडिया में साझा करना उस आध्यात्मिक संबंध की अभिव्यक्ति है, जो भगवान शिव के इस ज्योतिर्लिंग और इस तपोभूमि से जुड़ा हुआ है।
खबरें और भी
केदारनाथ धाम, जहां भक्ति, तप और श्रद्धा का संगम होता है, वहीं से प्रधानमंत्री का यह भावपूर्ण संदेश करोड़ों श्रद्धालुओं के हृदय को स्पर्श कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आध्यात्मिक दृष्टि से देखा जाए तो प्रधानमंत्री का यह संवाद करोड़ों देशवासियों के मार्गदर्शन के साथ ही चारधाम यात्रा को आत्मिक जागरण यात्रा के रूप में भी स्थापित करता है।
उन्होंने कहा कि बाबा केदार के धाम में गूंजता हर हर महादेव का उद्घोष, प्रधानमंत्री की इस श्रद्धाभिव्यक्ति के साथ और अधिक भावपूर्ण हो उठा है, और देशभर के श्रद्धालुओं में भक्ति का उत्साह नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में चारधाम यात्रा को भारत की सांस्कृतिक एकात्मता का आधार बताया है। साथ ही तीर्थयात्रियों से पांच संकल्पों का पालन करने का अनुरोध किया है।