हरिद्वार में यूट्यूब पर 'अघोरा' चैनल चलाकर लाखों की ठगी, तीन आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार में 'अघोरा' यूट्यूब चैनल के जरिए लाखों की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 4.55 लाख ...और पढ़ें

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपित।
HighLights
'अघोरा' यूट्यूब चैनल से लाखों की ठगी का खुलासा
पुलिस ने महिला समेत तीन ठगों को किया गिरफ्तार
4.55 लाख रुपये नकद, कार और आईफोन बरामद
जागरण संवाददाता हरिद्वार। धार्मिक आस्था, तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास की आड़ में यूट्यूब चैनल के माध्यम से लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का श्यामपुर थाना पुलिस ने 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया।
इस मामले में पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से ठगी गई राशि में से 4.55 लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त एंडेवर कार, एक आईफोन और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल किया गया सामान बरामद किया गया है।
गिरोह अघोरा नाम से यूट्यूब चैनल संचालित कर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो प्रसारित करता था। इन वीडियो के जरिए लोगों का विश्वास जीतकर उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान का झांसा दिया जाता था और फिर पूजा-अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम ऐंठी जाती थी।
मामले का खुलासा तब हुआ जब 16 जुलाई की रात डायल-112 पर सूचना मिली कि चंडी माता मंदिर के समीप मन्नत ढाबे के पास एंडेवर कार में सवार महिला और दो पुरुष एक व्यक्ति से 4.60 लाख रुपये लेकर फरार हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी।
खबरें और भी
अगले दिन पीड़ित विनोद कुमार निवासी सोनीपत (हरियाणा) की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि पीड़ित यूट्यूब चैनल से प्रभावित होकर आरोपितों के संपर्क में आया था। उसे चंडी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने के लिए बुलाया गया और पूजा का खर्च 4.60 लाख रुपये बताया गया।
आरोपितों ने उसे लाल धागे से बंधा मिट्टी का मटका देकर मंत्र जाप करने को कहा और नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवा लिया। इसके बाद पूजा की सामग्री लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल जांच एक साथ शुरू की। बार्डर चेकपोस्टों पर सघन चेकिंग के साथ सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने चिड़ियापुर माइनिंग चेकपोस्ट के पास से दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में मलकीत उर्फ राकेश शर्मा उर्फ मोहित, निवासी मंडावर, बिजनौर (हाल निवासी देहरादून), मोन्टी जोशी, निवासी पटेलनगर, देहरादून एक महिला, मूल निवासी थैलीसैण (पौड़ी गढ़वाल), हाल निवासी देहरादून की है।
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे डिजिटल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से लोगों को अंधविश्वास और भय का शिकार बनाकर ठगी करते थे। इससे इस बात की आशंका है कि गिरोह ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया होगा। इसकी जांच की जा रही है।