देहरादून में 21 घंटे में दूसरी बार बरसे मेघ, भीषण गर्मी से दूनवासियों को राहत
देहरादून में 21 घंटे के भीतर दो बार हुई बारिश से भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। हालांकि, इस बारिश से जलभराव, बिजली कटौती और यातायात बाधित होने जैस ...और पढ़ें

तेज बारिश के कारण पटेलनगर के लालपुल के पास हुआ जलभराव। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। भीषण गर्मी और उमस से जूझ रही दून घाटी पर प्रकृति लगातार मेहरबान बनी हुई है। गुरुवार रात करीब 11 बजे हुई बारिश और उसके 21 घंटे बाद शुक्रवार रात आठ बजे फिर बरसे मेघों ने दूनवासियों को लगातार दूसरी बार भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई।
हालांकि, बारिश ने जहां मौसम को खुशनुमा बनाया, वहीं जलभराव, बिजली बाधित होने और यातायात प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी सामने आईं। दून के बाहरी इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी सूचना मिली। इससे किसानों और बागवानी से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ी, हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
गुरुवार रात करीब 11 बजे मौसम ने करवट ली थी और तेज बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी थी। इसके बाद शुक्रवार को दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को बेहाल किए रखा, लेकिन रात करीब आठ बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए।
कुछ ही देर में तेज गर्जना, बिजली की चमक और बारिश की बौछारों ने पूरे शहर का मौसम बदल दिया। लगातार दूसरे दिन हुई बारिश ने संकेत दिया है कि दून में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं और मौसम अब बार-बार करवट ले रहा है।
खबरें और भी
दिनभर की तपिश, शाम को मौसम का यू-टर्न
शुक्रवार को सुबह से ही तेज धूप निकली हुई थी। दोपहर तक गर्म हवाओं और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। बाजारों, कार्यालयों और सड़कों पर लोगों को गर्मी का तीखा असर महसूस हो रहा था।
हालांकि, शाम ढलते-ढलते मौसम ने अचानक यू-टर्न लिया। रात आठ बजे के आसपास तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं और देखते ही देखते बादलों ने शहर को ढक लिया। इसके बाद शुरू हुई बारिश ने कुछ ही मिनटों में मौसम को सुहावना बना दिया।
आधे घंटे की बारिश ने थाम दी शहर की रफ्तार
करीब आधे घंटे तक हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर पानी भर गया। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई और यातायात प्रभावित हुआ।
कई स्थानों पर पहले से उखड़ी व क्षतिग्रस्त सड़कों पर कीचड़ फैल गया, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ा। आफिर और बाजार से लौट रहे लोगों को भी बारिश के कारण रास्ते में रुकना पड़ा।
बिजली की कड़क और गुल हुई सप्लाई
बारिश के दौरान तेज गर्जना और लगातार चमकती आकाशीय बिजली ने लोगों को सहमा दिया। कई इलाकों में एहतियातन और तकनीकी कारणों से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। तेज हवाओं के कारण विद्युत लाइनों पर भी असर पड़ा और कुछ क्षेत्रों में देर रात तक बिजली की आंख-मिचौनी चलती रही।
एक घंटे में 10 मिमी बारिश, तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार एक घंटे के दौरान देहरादून में लगभग 10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। बारिश और ठंडी हवाओं के असर से तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
जिस शहर में दिनभर लोग पसीने से तरबतर थे, वहीं रात होते-होते वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों ने राहत की सांस ली।
शनिवार को भी रह सकते हैं बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार को भी देहरादून में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश अथवा बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि अधिकांश समय मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में वज्रपात से लखनऊ के 2 भाइयों की मौत, 3 घायल; 50 से अधिक का रेस्क्यू
यह भी पढ़ें- रुड़की में आंधी का कहर: आठ गाड़ियां क्षतिग्रस्त, पांच मार्ग अवरुद्ध; श्यामनगर में दीवार गिरी
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला, 7 जिलों में भारी बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट