उत्तराखंड में क्रिकेटर ऋषभ पंत बने सबसे बड़े निजी आयकरदाता, जमा किए करोड़ों रुपये
क्रिकेटर ऋषभ पंत वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्तराखंड के सबसे बड़े निजी आयकरदाता रहे, जिन्होंने 23.84 करोड़ रुपये आयकर जमा कराया। वह लगातार दूसरे वर्ष श ...और पढ़ें

क्रिकेटर ऋषभ पंत।
HighLights
ऋषभ पंत उत्तराखंड के सबसे बड़े निजी आयकरदाता बने
उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 23.84 करोड़ रुपये आयकर जमा किया
लगातार दूसरे वर्ष शीर्ष निजी करदाता का रिकॉर्ड बनाया
जागरण संवाददाता, देहरादून। क्रिकेटर ऋषभ पंत वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्तराखंड के सबसे बड़े निजी आयकरदाता रहे। उन्होंने इस अवधि में 23.84 करोड़ रुपये आयकर जमा कराया। आयकर विभाग के आंकड़ों के अनुसार पंत प्रदेश के शीर्ष नॉन-कॉरपोरेट करदाताओं में चौथे स्थान पर रहे। उनसे ऊपर सिग्नेचर फाइटोकेमिकल्स इंडस्ट्रीज ने 54 करोड़, कैलाश रिवर बेड मिनरल ने 40.74 करोड़ और उत्तरांचल ग्रामीण बैंक ने 28.95 करोड़ रुपये आयकर जमा कराया।
वहीं, कॉरपोरेट श्रेणी में ओएनजीसी 13,564 करोड़ रुपये आयकर के साथ प्रदेश में शीर्ष पर रही। पंत की यह कर योगदान क्षमता ऐसे समय में चर्चा में है, जब उन्होंने उत्तराखंड में अपना बेस बनाने की इच्छा जताते हुए जमीन खरीद में आ रही दिक्कतों का मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया है। पंत लगातार दो वर्ष से निजी रूप से सबसे बड़े आयकर दाता हैं।
ऋषभ पंत ने क्या कहा?
बीती रात इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था। अपने पोस्ट में उन्होंने उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी को टैग किया है। उन्होंने उत्तराखंड में जमीन खरीदने में आ रही दिक्कतों के बारे में बताया है। उन्होंने लिखा- ‘नमस्ते सर, आप कैसे हैं? उत्तराखंड का स्थानीय निवासी होने के नाते मुझे काफी समय हो गया है। मैं दिल्ली से अपना बेस शिफ्ट करके उत्तराखंड में जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं। लेकिन मुझे यहां रहने के लिए कोई बड़ी और साफ जगह नहीं मिल पा रही है। मुझे अपने उत्तराखंड से बहुत प्यार है।
मेरी आपसे गुजारिश है कि कृपया जमीन अधिग्रहण में मेरी मदद करें, क्योंकि आजकल स्पष्टता न होने से यह एक नाइटमेयर बन गया है। वह अपने पहाड़ी लोगों के बीच वापस लौटना चाहते हैं और राज्य के विकास में अपना योगदान देना चाहते हैं। तीन साल से कोशिश करने के बावजूद उन्हें अब तक जमीन नहीं मिल पाई है।
खबरें और भी
मुफ्त या तोहफा नहीं मांग रहे हैं
पोस्ट में लिखा कि वह राज्य से कोई मुफ्त जमीन या तोहफा नहीं मांग रहे हैं। इंटरनेशनल लेवल पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए उपहार मिलना अच्छी बात होगी, लेकिन अगर आप अनुमति दें तो मैं इसे सरकार से और सरकारी दरों पर ही जमीन खरीदना चाहता हूं। कम से कम मैं अपने और हमारे राज्य में अपना पहला घर बना सकूं। सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि यह प्रक्रिया कैसे करनी है।'
सीएम धामी ने दिया जवाब
वहीं ऋषभ पंत के पोस्ट के बाद सीएम धामी का जवाब भी आया है। इस बावत उन्होंने अधिकारियों को निर्देश भी दिए। सीएम धामी ने इंटरनेट मीडिया पर जवाब में लिखा कि - ‘प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखंड के गौरव हैं। आपने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों से देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है। अपनी मातृभूमि के प्रति आपका यह प्रेम और यहां वापस आकर योगदान देने की भावना अत्यंत सराहनीय है। आपके द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जा रहा है। वे शीघ्र ही आपसे संपर्क कर नियमानुसार हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे।'