Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ऋषिकेश कांवड़ यात्रा में हाईटेक सुरक्षा, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी हर पल निगरानी

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 10:33 AM (IST)

    कांवड़ यात्रा के लिए ऋषिकेश और मुनिकीरेती क्षेत्र में चौबीसों घंटे सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। कांवड़ यात्रा के दौरान मुनिकीरेती क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीस घंटे निगरानी रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से हर गतिविधि की लाइव मानिटरिंग होगी। मेला क्षेत्र, प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों, घाटों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार हवाई निगरानी की जाएगी।

    तीस जुलाई से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को लेकर शुक्रवार को डीएम टिहरी नितिका खंडेलवाल और एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने मुनिकीरेती, तपोवन क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान रामझूला पुल को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। डीएम, एसएसपी ने गंगा घाटों पर सुरक्षा चेन लगाने, गंगा के जलस्तर की निरंतर निगरानी रखने, आवश्यकता पड़ने पर समय से चेतावनी प्रसारित करने के निर्देश दिए।

    ‎जिलाधिकारी ने जानकी सेतु एवं बजरंग सेतु पर समय से व्यू-कटर लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को पुलों पर रुककर फोटो एवं वीडियो बनाने से रोका जाए। जिससे वहां अनावश्यक भीड़ न लगे। कांवड़ यात्रा मार्ग पर बैरिकेडिंग, नियमित साफ-सफाई एवं प्रभावी यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

    हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस

    एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। कंट्रोल रूम से प्रत्येक गतिविधि की लाइव मानिटरिंग करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति पर तत्काल पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने आवश्यकता वाले स्थानों पर अतिरिक्त कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए।

    खबरें और भी

    मेला क्षेत्र, प्रमुख चौराहों, पार्किंग स्थलों, घाटों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार हवाई निगरानी की जाएगी। ड्रोन से प्राप्त लाइव फीड के आधार पर भीड़ के दबाव, यातायात की स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी की जाएगी।

    डायवर्जन प्लान होगा लागू

    संयुक्त निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पार्किंग स्थलों, डायवर्जन प्वाइंट, बैरिकेडिंग एवं पैदल मार्गों का भी निरीक्षण किया। निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को पार्किंग से गंतव्य तक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराया जाए और यातायात को निर्बाध बनाए रखने के लिए सभी डायवर्जन प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। घाटों, पुलों एवं संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी।

    हर बिजली के पोल का सेफ्टी आडिट होगा

    निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने नगर पालिका सभागार, मुनिकीरेती में समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को पूर्व वर्षों के अनुभवों के आधार पर यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए। विभागों को कंट्रोल रूम स्थापित कर चौबीस घंटे कार्मिकों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ‎

    होटल, ढाबों में साफ-सफाई एवं रेट सूची लगाने, नगर पालिका मुनिकीरेती एवं नगर पंचायत तपोवन को कांवड़ क्षेत्र में स्थित विद्युत पोल, स्ट्रीट लाइट पोल की सुरक्षा जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने, सभी विद्युत ट्रांसफार्मरों एवं टावरों की बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक विद्युत पोल का सेफ्टी आडिट कराने के भी निर्देश दिए।

    नीर वाटर फाल को अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए। बैठक पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण, सीएमओ डा. राम प्रकाश, एसडीएम आशीष घिल्डियाल, सीओ सुरेंद्र सिंह भंडारी, प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान, ईओ मुनिकीरेती बद्री प्रसाद भट्ट आदि मौजूद रहे।

    यह भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा सुरक्षा: पुलिस की इंटरनेट मीडिया पर पैनी नजर, अफवाहों पर लगेगी लगाम

    यह भी पढ़ें- कांवड़ यात्रा से ठीक पहले बढ़ीं मुश्किलें: रोडवेज की तैयारी पर उठे सवाल, वर्कशाप में धूल फांक रहीं दर्जनों बसें