देहरादून में डेढ़ किलो केटामाइन के साथ 2 आरोपित गिरफ्तार, फार्मा कंपनी से चुराकर बेचते थे प्रतिबंधित दवा
देहरादून के सेलाकुई में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने दो आरोपियों को डेढ़ किलो से अधिक प्रतिबंधित केटामाइन दवा के साथ गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

भारी मात्रा में प्रतिबंधित कैटामाइन के साथ सेलाकुई थाने की पुलिस द्वारा गिरफ्तार दो आरोपित।
HighLights
सेलाकुई में डेढ़ किलो से अधिक केटामाइन बरामद
दो आरोपी शुभम कुमार और अंकित तिवारी गिरफ्तार
फार्मा कंपनी से चोरी कर बेची जा रही थी दवा
जागरण संवाददाता, विकासनगर (देहरादून)। थाना सेलाकुई क्षेत्र से एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स व पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई के तहत उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी युवक समेत दो आरोपितों को डेढ़ किलो से अधिक प्रतिबंधित केटामाइन दवा के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस का दावा है कि प्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी मात्रा में केटामाइन बरामद की गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों शुभम कुमार निवासी जमनपुर सेलाकुई और जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) स्थित नगला कल्लू शाहाबाद निवासी अंकित तिवारी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अंकित तिवारी वर्तमान में सेलाकुई में रह रहा था।
सेलाकुई थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम चेकिंग की गई। खैरी गांव की तरफ से आ रहे स्कूटी सवार दो व्यक्तियों की भी शक के आधार पर चेकिंग की गई।
पुलिस ने जब उन्हें पकड़कर तलाशी ली तो दोनों आरोपितों के पास से 1512 ग्राम केटामाइन दवा बरामद की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि यह केटामाइन दवा वे नरेंद्र यादव नामक व्यक्ति से लेकर आए हैं।
नरेंद्र यादव ने उन्हें बताया था कि खैरी गांव में बर्थवाल के आम के बगीचे को पार करने पर उन्हें एक व्यक्ति मिलेगा, उसे ही यह दवा की खेप देनी है।
फार्मा कंपनी से चुराकर बेची जाती थी प्रतिबंधित दवा
पूछताछ में आरोपितों ने बाताया कि नरेंद्र यादव सेलाकुई में किसी फार्मा कंपनी में काम करता था और वहां से चोरी छिपे केटामाइन आदि प्रतिबंधित दवा निकालकर देहरादून व सहारनपुर आदि क्षेत्रों में अवैध रूप से बेच देता था।
शुभम कुमार ने पुलिस को बताया कि फार्मा कंपनी ने नरेंद्र यादव को ब्लैक लिस्ट कर रखा है।
थानाध्यक्ष सेलाकुई लोकपाल परमार के अनुसार मामले से संबंधित अन्य आरोपितों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर उन्हें भी गिरफ्तार कर पूछताछ की जा सकती है।
क्या है केटामाइन
केटामाइन एक प्रतिबंधित दवा है, जिसका उपयोग मुख्य रूप से बेहोशी (एनेस्थीसिया), सर्जरी से पहले सुन्न करने और गंभीर दर्द को कम करने के लिए किया जाता है।
यह शरीर और मस्तिष्क के बीच दर्द के संदेशों को रोकती है। इसका उपयोग अवैध रूप से नशीले पदार्थ के रूप में भी किया जाता है।
अवैध इस्तेमाल और नशे के खतरे को देखते हुए इसे सख्त कानूनी नियमों के दायरे में रखा गया है।
यह भी पढ़ें- स्मैक के मुनाफे के लालच में दोस्त ने कुएं में फेंका, तीन साल बाद झगड़े में खुला हत्या का राज
यह भी पढ़ें- मधेपुरा में 1 करोड़ की स्मैक के साथ थार सवार दो तस्कर गिरफ्तार, बंगाल से पूर्णिया के रास्ते लाई जा रही थी खेप