उत्तराखंड में अगले 2 दिन तेज गर्मी का अलर्ट, मैदानी जिलों में हीट वेव जैसी स्थिति के आसार
उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना है, खासकर मैदानी जिलों में। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 25 से 27 मई तक राज्य के मैदानी जनपदों में हीट वेव जैसी स्थिति बनने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ क्षेत्रों में तेज गर्मी और लू जैसे हालात बन सकते हैं। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

निर्देशों में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने को कहा गया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, ओआरएस, बर्फ और जरूरी उपकरण उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लू और शरीर में पानी की कमी से प्रभावित मरीजों का तत्काल उपचार किया जा सके।
नगर निकायों को सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और प्रमुख चौराहों पर पेयजल, प्याऊ और ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अस्थायी शेड और विश्राम स्थलों की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
खबरें और भी

इसके अलावा बिजली और पेयजल विभागों को निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने तथा पानी की कमी वाले क्षेत्रों में टैंकरों की व्यवस्था करने को कहा गया है। श्रमिकों और खुले स्थानों पर काम करने वाले कर्मचारियों के लिए कार्य का समय सुबह और शाम तक सीमित रखने की सलाह दी गई है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी व तरल पदार्थ का सेवन करें।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में नौतपा से बढ़ेगी भीषण गर्मी, मैदान से पहाड़ तक तापमान में उछाल
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में अब तपाएगा नौतपा, फिर से हीटवेव वाली गर्मी का दौर होगा शुरू
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में बढ़ेगी गर्मी, मैदानी जिलों में लू का अलर्ट जारी