Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कांवड़ मेला 2026: हरिद्वार में 5 अगस्त से भारी वाहनों की नो-एंट्री, 4 अगस्त तक सिर्फ 4 घंटे मिलेगी अनुमति

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 05:34 PM (IST)

    हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ मेला-2026 के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है, जिसमें 5 अगस्त से हाईवे पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहे ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर।

    सांकेतिक तस्वीर।

    HighLights

    1. 5 अगस्त से हाईवे पर भारी वाहनों की आवाजाही पूर्णतः प्रतिबंधित

    2. 29 जुलाई से 4 अगस्त तक भारी वाहन केवल रात में चलेंगे

    3. दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ वाहनों का प्रवेश वर्जित

    जागरण संवाददाता, हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है।

    सबसे बड़ा फैसला राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर लिया गया है। 29 जुलाई से 4 अगस्त तक भारी वाहन केवल रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक ही हाईवे पर चल सकेंगे, जबकि 5 अगस्त से 11 अगस्त तक भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

    इसके साथ ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ वाहनों का प्रवेश भी पूरी तरह बंद रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कांवड़ मेले के दौरान यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान अवश्य देख लें।

    श्रावण मास 28 जुलाई से शुरू हो रहा है। इस वर्ष चार सोमवार 3, 10, 17 और 24 अगस्त को पड़ेंगे, जबकि श्रावण शिवरात्रि का मुख्य पर्व 11 अगस्त को मनाया जाएगा। इसे देखते हुए जनपद में चरणबद्ध रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है।

    सामान्य दिनों में दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, मंगलौर, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, सहारनपुर, देहरादून, ऋषिकेश, नैनीताल और नजीबाबाद से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग तय किए गए हैं। वहीं कांवड़ वाहनों के लिए अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

    सहारनपुर और यमुनानगर की ओर से आने वाले कांवड़ वाहन मंडावर, सालियर चौक, अब्दुल कलाम चौक, नगला इमरती, लक्सर और एसएम तिराहे से बैरागी कैंप पार्किंग पहुंचेंगे।

    यातायात का दबाव बढ़ने पर दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले कांवड़ वाहन रामपुर तिराहा, कोलकी टोल प्लाजा, बड़कलां, मंडावर होते हुए इसी मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग भेजे जाएंगे।

    मुरादाबाद, बिजनौर और नजीबाबाद की ओर से आने वाले कांवड़ वाहनों को चिड़ियापुर, गैण्डीखाता और 4.2 डायवर्जन से गौरीशंकर तथा नीलधारा पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।

    देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले कांवड़ वाहन नेपाली तिराहा, सप्तऋषि तिराहा और दूधाधारी फ्लाईओवर होते हुए चमगादड़ टापू तथा लालजीवाला पार्किंग भेजे जाएंगे।

    बैरागी कैंप में पार्क सभी कांवड़ वाहनों की निकासी श्मशान घाट पुल, श्रीयंत्र पुल, बूढ़ी माता तिराहा, देशरक्षक और सिंहद्वार होते हुए एनएच-334 से कराई जाएगी।

    यह भी पढ़ें- हरिद्वार: कांवड़ मेले में शिवभक्तों की यात्रा होगी सुगम, पुलिस ने जारी किया क्यूआर कोड

    यह भी पढ़ें- हरिद्वार: अखाड़ा परिषद में वर्चस्व की जंग तेज, श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने लगाया हत्या की साजिश का आरोप

    खबरें और भी