Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रुड़की: 30 जुलाई से बढ़ेगी कांवड़ यात्रा की रफ्तार, 31 से लागू होगा ट्रैफिक प्लान

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 08:15 PM (IST)

    पुलिस ने कांवड़ यात्रा के लिए रुड़की में मोर्चा संभाल लिया है, 30 जुलाई से कांवड़ यात्रियों को कांवड़ पटरी पर भेजा जाएगा। ...और पढ़ें

    लंढौरा कस्बे में फ्लैग मार्च में शामिल पुलिसबल। विभाग

    लंढौरा कस्बे में फ्लैग मार्च में शामिल पुलिसबल। विभाग 

    HighLights

    1. पुलिस ने कांवड़ यात्रा के लिए रुड़की में संभाला मोर्चा

    2. 30 जुलाई से कांवड़ यात्री कांवड़ पटरी पर जाएंगे

    3. 31 जुलाई से शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू होगा

    जागरण संवाददाता, रुड़की। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने सड़क पर मोर्चा संभाल लिया है। पुलिस के साथ-साथ प्रशिक्षु कांस्टेबल की भी तैनाती की गई है।

    अभी तक कांवड़ यात्री हाईवे से होकर निकल रहे हैं, लेकिन 30 जुलाई से कांवड़ यात्रियों को कांवड़ पटरी से भेजा जाएगा।

    वहीं, कांवड़ पटरी आमजन के लिए बंद कर दी जाएगी। 31 जुलाई से शहर का विशेष ट्रैफिक प्लान लागू हो जाएगा।

    इसके लिए पुलिस अधिकारियों की लगातार बैठक चल रही हैं। उद्देश्य यह है कि शिवभक्तों की यात्रा भी सुरक्षित रहे और शहरवासियों को भी अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े।

    कांवड़ यात्रा के दौरान हर साल लगने वाले भीषण जाम से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन ने इस बार पहले से व्यापक रणनीति तैयार की है।

    कांवड़ यात्री इस समय राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे हैं, लेकिन 30 जुलाई से उन्हें कांवड़ पटरी पर डायवर्ट कर दिया जाएगा।

    जिससे हाईवे पर वाहन चालकों केा किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी। इसके अगले दिन यानी 31 जुलाई से पूरे शहर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया जाएगा।

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए लगातार मंथन किया जा रहा है।

    पिछले वर्षों के अनुभवों और जाम वाले स्थानों का अध्ययन कर नए रूट तैयार किए जा रहे हैं, ताकि शहर के अंदर और बाहरी मार्गों पर यातायात सुचारु रखा जा सके।

    हर वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान प्रकाश ब्रिज, नया पुल, गणेशपुर पुल, प्रेम मंदिर रोड और अन्य प्रमुख चौराहों पर लंबा जाम लग जाता है।

    इन स्थानों पर स्थानीय लोगों को गंगनहर के इस पार से दूसरी पार जाना होता है। कांवड़ यात्रियों के निकलने के बाद ही स्थानीय दुपहिया और कार चालकों को सड़क पार कराई जाती है।

    जिससे यहां पर जाम की स्थिति बनती है। इसे देखते हुए इस बार इन संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और यातायात का संचालन की लगातार निगरानी की जाएगी।

    कार के बजाय दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करने की सलाह

    ट्रैफिक प्लान लागू होने के बाद शहर के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक जाने के लिए वाहन चालकों को मशक्कत करनी पड़ती है।

    इसे देखते हुए पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि ट्रैफिक प्लान लागू होने पर दोपहिया वाहनों का अधिक इस्तेमाल किया जाए। ताकि यातायात व्यवस्था में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो सके।

    30 और 31 जुलाई रहेंगे सबसे अहम

    शहर के लिए 30 जुलाई से कांवड़ यात्रियों के कांवड़ पटरी पर शिफ्ट होने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव दिखाई देगा।

    31 जुलाई से लागू होने वाले ट्रैफिक प्लान के तहत कई मार्गों पर डायवर्जन, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक और छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए जाएंगे।

    पुलिस आम नागरिकों से भी अपील करेगी कि वे निर्धारित रूट और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें।

    इन स्थानों पर हर साल बनती है जाम की स्थिति

    • प्रकाश ब्रिज, नया पुल, गणेशपुर पुल, प्रेम मंदिर रोड, बलिदानी चंद्रशेखर आजाद चौक, मलकपुर चुंगी

    कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस की सड़कों पर तैनाती हो गई है। कांवड़ यात्रियों को कांवड़ पटरी से भेजना शुरू किया जाएगा। वहीं 31 जुलाई से शहर का ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा।
    -शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात

    मंगलौर में निकाला फ्लैग मार्च

    लंढौरा: कांवड़ यात्रा को देखते हुए पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों ने कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला। यह फ्लैग मार्च लक्सर रोड होते हुए कस्बे के बाजार और अन्य विभिन्न स्थानों से होकर निकला।

    इस दौरान पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों प ध्यान न दें। इंटरनेट मीडिया पर किसी तरह का गलत मैसेज या वीडियो पोस्ट न करे। पुलिस ने कहा कि हुड़दंगियों से सख्ती से निपटा जाएगा।

    यह भी पढ़ें- Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा की सुरक्षा में 900 CCTV कैमरे और 8 वॉच टावर, मोदीनगर में कड़ी निगरानी

    यह भी पढ़ें- यूपी में मेरठ का कांवड़ मॉडल लागू: 10 फीट ऊंचा और 12 फीट चौड़ा DJ, गूगल मैप से रूट अटैच; सीएम के आदेश