रुड़की में दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर चलती मारुति कार बनी आग का गोला, दमकल विभाग ने टाला बड़ा हादसा
रुड़की में दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर मंगलवार सुबह एक चलती मारुति कार में भीषण आग लग गई। दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पाकर एक बड़ा हादसा टाल दिया। ...और पढ़ें
HighLights
रुड़की में दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर कार में लगी आग
दमकल विभाग ने तुरंत पहुंचकर आग पर पाया काबू
हादसे में कोई जनहानि नहीं, बड़ा विस्फोट टला
जागरण संवाददाता, रुड़की ( हरिद्वार)। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर मंगलवार सुबह एक होटल के समीप चलती मारुति कार में अचानक भीषण आग लग गई।
देखते ही देखते कार से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे हाईवे पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया और एक बड़ा हादसा होने से टाल दिया।
अग्निशमन विभाग के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब छह बजे कार में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी तुरंत मौके पर रवाना की गई।
जब टीम घटना स्थल पर पहुंची तो कार आग का गोला बन चुकी थी। दमकल कर्मियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर आग बुझाना शुरू किया।
गनीमत यह रही कि आग कार के फ्यूल टैंक (ईंधन टैंक) तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा विस्फोट हो सकता था। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।