पौड़ी: गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय को तगड़ा झटका, खनन विभाग ने भेजा 9.90 करोड़ रुपये की वसूली का नोटिस
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय को टिहरी जिला खनन विभाग ने 9.90 करोड़ रुपये का वसूली नोटिस जारी किया है। ...और पढ़ें

एआई जनरेटेड फोटो।
HighLights
गढ़वाल विवि को 9.90 करोड़ का वसूली नोटिस जारी
टिहरी खनन विभाग ने मिट्टी भरान को अवैध खनन माना
चौरास स्टेडियम में रेल परियोजना की मिट्टी का उपयोग
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल (पौड़ी)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय को टिहरी जिला खनन विभाग ने 9.90 करोड़ रुपये का वसूली नोटिस जारी किया है। मामला वर्ष 2020-21 में चौरास परिसर के स्टेडियम में भरान के लिए ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से लाई गई मिट्टी से जुड़ा है।
वर्ष 2013 की आपदा में अलकनंदा नदी के कटाव से स्टेडियम क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद विश्वविद्यालय ने सुरक्षा दीवार बनाने के साथ भरान के लिए रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) से सुरंगों से निकला मलबा डंप कराया था।
टिहरी के खनन विभाग ने इसे खनिज परिवहन मानते हुए पहले करीब 2.50 करोड़ रुपये की रायल्टी जमा करने को कहा था। भुगतान न होने पर अब नियमों के तहत पांच गुना जुर्माने सहित 9.90 करोड़ रुपये का वसूली नोटिस जारी किया है।
टिहरी गढ़वाल के जिला खनन अधिकारी रवि नेगी ने बताया कि कई बार पत्राचार के बावजूद विश्वविद्यालय की ओर से रायल्टी जमा नहीं की गई, इसलिए नियमानुसार नोटिस जारी किया है।
वहीं, विश्वविद्यालय के निर्माण अनुभाग के प्रभारी अधिशासी अभियंता महेश डोभाल ने कहा कि मलबा किसी व्यावसायिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि आपदा से क्षतिग्रस्त परिसर को बचाने के लिए डंप कराया गया था। ऐसे में रायल्टी की मांग उचित नहीं है।