Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रुद्रप्रयाग: वर्षा से बदरीनाथ और गौरीकुंड हाईवे बार-बार बाधित, सिरोबगड़ में 6 घंटे बंद रहा मार्ग

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 08:51 PM (IST)

    जनपद रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश के कारण बदरीनाथ और गौरीकुंड हाईवे भूस्खलन से बाधित हुए, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ...और पढ़ें

    सोनप्रयाग-मुनकटिया के बीच मार्ग अवरुद्ध होने के बाद यात्रियों को सुरक्षित केदारनाथ भेजती रेस्क्यू टीमें। जागरण

    सोनप्रयाग-मुनकटिया के बीच मार्ग अवरुद्ध होने के बाद यात्रियों को सुरक्षित केदारनाथ भेजती रेस्क्यू टीमें। जागरण

    HighLights

    1. बदरीनाथ-गौरीकुंड हाईवे भूस्खलन से बाधित, यातायात प्रभावित

    2. सिरोबगड़ में बदरीनाथ हाईवे छह घंटे बंद रहा

    3. यात्रियों को परेशानी, प्रशासन ने सुरक्षा निर्देश जारी किए

    संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार हो रही वर्षा से बदरीनाथ और गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह भूस्खलन और पहाड़ियों से बोल्डर गिरने की घटनाएं सामने आईं।

    बदरीनाथ हाईवे सिरोबगड़ में मलबा आने से छह घंटे तक बंद रहा। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर यातायात घंटों बाधित रहा। संबंधित विभागों की टीमें मार्ग खोलने में जुटी रहीं।

    बदरीनाथ हाईवे पर रुद्रप्रयाग से श्रीनगर की ओर लगभग 22 किलोमीटर दूर सिरोबगड़ में गुरुवार तड़के भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से सुबह करीब चार बजे राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया।

    करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद सुबह लगभग दस बजे यहां यातायात बहाल किया जा सका। इस दौरान हाईवे के दोनों ओर करीब तीन-तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। यातायात सुचारु रखने के लिए पुलिस ने वाहनों को छातीखाल, खाखरा और खेड़ाखाल मार्ग से डायवर्ट कर गंतव्य की ओर भेजा।

    उधर, गौरीकुंड हाईवे पर बांसवाड़ा क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा के कारण पहाड़ी से बोल्डर गिरते रहे। सुरक्षा के मद्देनजर यहां करीब आधे घंटे तक यातायात रोका गया। इसके बाद मार्ग खोला गया, लेकिन रुक-रुक कर बोल्डर गिरने से आवाजाही प्रभावित होती रही।

    इसी बीच सोनप्रयाग-मुनकटिया यात्रा मार्ग भी सुबह 9:44 बजे पहाड़ी से बड़े पत्थर गिरने के कारण बंद हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल पैदल और वाहन आवाजाही रोक दी।

    जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि जेसीबी मशीनों की सहायता से मलबा और पत्थर हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही यातायात बहाल किया गया।

    प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वह आधिकारिक सूचना मिलने पर सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।

    यह भी पढ़ें- बदरीनाथ हाईवे पर पगनों की पहाड़ी से आई आफत: गुलाबकोटी में 13 घंटे बंद रहा मार्ग, 10 हजार यात्री रहे फंसे

    यह भी पढ़ें- चमोली में बारिश से सक्रिय हुआ पुराना भूस्खलन, मलबे में फंसे बुजुर्ग दंपती का ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू

    खबरें और भी