टिहरी साइबर ठगी: बिजली अधिकारी बनकर लूटा, झारखंड से आरोपित गिरफ्तार
टिहरी के हैरवाल गांव निवासी महेश सिंह रावत से बिजली विभाग का फर्जी अधिकारी बनकर 2.59 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपित शिवम कुमार साहू को पुलिस ने झार ...और पढ़ें

साइबर ठगी के मामले में झारखंड से गिरफ्तार आरोपित। पुलिस विभाग

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई टिहरी। बिजली विभाग का फर्जी अधिकारी बनकर हैरवाल गांव निवासी एक व्यक्ति को ठगी का शिकार बनाने वाले आरोपित को पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपित ठगी के एक संगठित गिरोह का सदस्य है।
बीते 19 फरवरी को महेश सिंह रावत निवासी ग्राम हैरवाल, लंबगांव ने थाना लंबगांव में तहरीर दी।
बताया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को बिजली विभाग का अधिकारी बताकर उनके मोबाइल फोन पर एक फर्जी लिंक भेजा।
इस लिंक पर क्लिक करते ही उनके बैंक खाते से दो लाख 59 हजार पांच सौ रुपये की निकासी हो गई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
मामले की जांच उपनिरीक्षक शिवराम को सौंपी गई। जांच के दौरान प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की लोकेशन झारखंड राज्य में चिह्नित की गई।
इसके बाद थाना लंबगांव पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड पुलिस के सहयोग से 14 अप्रैल को आरोपित को गिरफ्तार किया। आरोपित की पहचान शिवम कुमार साहू (22) निवासी बागबेडा, जमशेदपुर, झारखंड के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह का सदस्य है, जो गरीब लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें 10-15 प्रतिशत कमीशन देकर ठगी की रकम का लेन-देन करता है। जिसके बाद मुकदमे में आइटी एक्ट की धारा जोड़ी गई।
एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया है। जिसे जनपद टिहरी लाया जा रहा है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें- शेयर बाजार में निवेश के नाम पर व्यवसायी समेत दो लोगों से ऐंठी रकम, साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज