टिहरी में मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त: 18 सड़कें बंद, नगुण गाड भूस्खलन जोन सक्रिय
टिहरी में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है, जिससे 18 सड़कें भूस्खलन और मलबे के कारण बंद हो गईं और स्कूल भी बंद रहे। नगुण गाड और गोजमीर भूस्खलन जोन ...और पढ़ें

ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगुण गाड के पास गोजमीर भूस्खलन जोन से सिंगल लेन में खतरे के बीच पास होते वाहन। जागरण
HighLights
टिहरी में भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित
भूस्खलन के कारण 18 सड़कें अभी भी बंद
नगुण गाड भूस्खलन जोन में मलबा गिरने से मार्ग बाधित
जागरण संवाददाता, नई टिहरी। जनपद टिहरी में बीते शुक्रवार को भी भारी बारिश के कारण लोगों का जन-जीवन प्रभावित हो गया है।
लगातार बारिश के कारण जनपद में विभिन्न राज्य मार्ग और ग्रामीण मोटर मार्ग भूस्खलन व मलबा आने के कारण बाधित हो गए। जिससे इन मार्गों से आवागमन करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा।
वहीं, जनपद में शुक्रवार को भी सभी विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र जिला प्रशासन के आदेश पर बंद रखे गए।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आंकडों के अनुसार शुक्रवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में जनपद में औसतन 52.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
जिसमें सर्वाधिक कीर्तिनगर क्षेत्र में 140 मिमी, देवप्रयाग में 59.9 मिमी, नरेंद्रनगर में 38.5 मिमी, धनोल्टी में 35 मिमी, टिहरी में 34 मिमी व घनसाली में 10 मिमी वर्षा हुई।
बीते शुक्रवार बारिश के कारण जनपद में कई मोटर मार्ग भूस्खलन के कारण अवरूद्ध हो गए। जिनमें लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत कुल 21 मार्ग बंद हुए थे। जिनमें 14 मार्ग आवागमन के लिए सुचारू कर दिए गए हैं, जबकि एक राज्य मार्ग व 6 ग्रामीण मार्ग सहित कुल सात मार्ग देर शाम 6 बजे तक भी बाधित रहे।
वहीं, पीएमजीएसवाई के अंतर्गत कुल 22 ग्रामीण ग्रामीण मार्ग बाधित हो गए थे। जिनमें 11 मार्ग सुचारू कर दिए हैं, जबकि 11 सड़कें शाम 6 बजे तक भी बंद रहीं। जिनको सुचारू करने के लिए संबंधित विभागों की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट ने बताया कि जनपद में कहीं भी विद्युत आपूर्ति बाधित होने की कोई सूचना नहीं है।
हालांकि तहसील धनोल्टी के ग्राम घेना में अतिवृष्टि से गांव की पेयजल लाइन बाधित हुए है। जिसको पेयजल निगम चंबा की ओर से सुचारू करने की कार्रवाई की जा रही है।
गंगोत्री राजमार्ग पर नगुण गाड के गिरता रहा मलबा
कंडीसौड़। शुक्रवार को रुक-रुककर जारी बारिश के बीच ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-34 नगुण गाड के पास गोजमीर भूस्खलन जोन में निरंतर मलबा गिरने से बंद होता रहा।
जेसीबी मशीन से एक लेन में मलबा हटाने के बाद भी गोजमीर में राष्ट्रीय राजमार्ग खतरनाक बना हुआ है। किसी तरह जान जोखिम में डालकर यातायात संचालित हो रहा है।
थानाध्यक्ष छाम दिलवर सिंह नेगी ने बताया कि मौके पर पुलिस तैनात की गई है। बहुत ऊंचाई से निरंतर मलबा गिरने के कारण स्थिति खतरनाक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- यमुनोत्री हाईवे बदहाल: स्यानाचट्टी में 100 मीटर सड़क वाशआउट, 27 घंटे से मार्ग ठप, जंगल से जा रहे यात्री
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मानसूनी बारिश का कहर: यमुनोत्री हाईवे का 100 मीटर हिस्सा ध्वस्त, गंगोत्री मार्ग भी ठप