Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड पुलिस ने टिहरी दुर्घटना में बचाई जिनकी जान, जांच में वही निकले बाइक चोर

    Updated: Tue, 09 Jun 2026 07:30 PM (IST)

    घनसाली पुलिस ने 24 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा करते हुए ऊधमसिंहनगर के दो युवकों को गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

    घनसाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दो बाइक चोर।

    घनसाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए दो बाइक चोर।

    HighLights

    1. घनसाली पुलिस ने 24 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा किया

    2. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त घायल चोरों को अस्पताल पहुंचाया था

    3. ऊधमसिंहनगर के दो युवक बाइक चोरी में गिरफ्तार हुए

    जागरण संवाददाता, नई टिहरी। थाना घनसाली पुलिस ने 24 घंटे में बाइक चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए ऊधम सिंह नगर खटीमा के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

    पूरे मामले में खास बात यह है कि घटना की रात घनसाली बस अड्डे से बाइक चोरी कर ले जाते समय दोनों युवक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए।

    जिन्हें थाना पुलिस ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया था। लेकिन, पुलिस जांच में उक्त दोनों युवक ही बाइक चोर निकले।

    बीते सात जून की रात्रि को थाना घनसाली पुलिस को सूचना मिली कि चम्पुवा मंदिर के पास एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई है और दो युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़े हैं।

    सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां बाइक दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे पाई गई और दो युवक घायल अवस्था में मिले।

    पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी बेलेश्वर, चमियाला भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।

    घायलों की पहचान अनुज सिंह राणा (25) निवासी ग्राम चांदपुर, खटीमा, ऊधमसिंहनगर और साहिल सिंह (24) निवासी ग्राम बानूशा, पचपेड़ा, खटीमा, ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई थी।

    इसके अगले दिन आठ जून को स्थानीय निवासी वीर सिंह ने थाना घनसाली में तहरीर देकर उक्त बाइक के बस स्टेशन घनसाली से चोरी होने की सूचना दी। विवेचना के दौरान जानकारी मिली कि पिछली रात को दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइक को दोनों युवक ही चोरी कर ले जा रहे थे।

    लेकिन, चोरी की बाइक लेकर भागने के दौरान दोनों दुर्घटना का शिकार हो गए। जिस पर एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की।

    पुलिस टीम एम्स ऋषिकेश पहुंची और पूछताछ की तो पता चला कि उक्त दोनों युवक पुलिस कार्रवाई के भय से अस्पताल से छुट्टी लेकर फरार हो चुके हैं।

    इसके बाद थाना घनसाली पुलिस ने संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी और आरोपितों को आठ जून की रात्रि में ही बालगंगा डिग्री कालेज के पास चमियाला रोड से गिरफ्तार कर लिया गया है।

    यह भी पढ़ें- भिवाड़ी में बाइक चोरी के शक में नाबालिग को थाने में थर्ड डिग्री, वेंटिलेटर पर मौत से लड़ रहा जंग

    यह भी पढ़ें- चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर लिखवाकर दौड़ाते थे बदमाश; अब तक 200 बाइक चोरी कर चुका गैंग लीडर हैदर