Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भिवाड़ी में बाइक चोरी के शक में नाबालिग को थाने में थर्ड डिग्री, वेंटिलेटर पर मौत से लड़ रहा जंग

    Updated: Tue, 28 Apr 2026 11:55 AM (IST)

    नाबालिग को बाइक चोरी के शक में हिरासत में लेकर भिवाड़ी पुलिस पर थर्ड डिग्री यातना देने का आरोप लगा है, जिससे वह वेंटिलेटर पर है। पुलिसकर्मियों के खिला ...और पढ़ें

    नाबालिग से मारपीट के विरोध में प्रदर्शन करते स्वजन व अन्य। जागरण

    नाबालिग से मारपीट के विरोध में प्रदर्शन करते स्वजन व अन्य। जागरण

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, भिवाड़ी। भिवाड़ी में बाइक चोरी के शक में हिरासत में लिए गए 16 वर्षीय नाबालिग को थाने के भीतर थर्ड डिग्री यातना देने का आरोप लगा है। पुलिसकर्मियों की बर्बरता का शिकार हुआ नाबालिग अब जयपुर के एक अस्पताल में वेंटिलेटर पर मौत से जंग लड़ रहा है। पुलिस के विरुद्ध लोगों के आक्रोश और पूरी रात चले धरना प्रदर्शन के बाद थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों पर मारपीट और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

    निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया

    चौपानकी थाना क्षेत्र के गांव झिवाना के रहने वाले सतबीर ने बताया कि 21 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे भिवाड़ी फेस थर्ड थाने से आए पुलिसकर्मियों ने उनके 16 वर्षीय लड़के को घर से जबरन उठाया था। आरोप है कि बाद में फोन पर लड़के ने रोते हुए मारपीट की जानकारी दी। 22 अप्रैल को स्वजन थाने पहुंचे तो उन्हें मिलने नहीं दिया गया। बाद में सूचना मिली कि लड़के को भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    थर्ड डिग्री यातना देने का आरोप

    अस्पताल पहुंचने पर लड़का बेहोशी की हालत में वेंटिलेटर पर मिला। डाक्टरों ने हालत गंभीर बताकर उसे जयपुर के निम्स अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को बाइक चोरी के शक में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।

    वहीं स्वजन ने थाना प्रभारी दारा सिंह मीणा, सिपाही गोपाल, गोविंद, पवन यादव समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर अवैध हिरासत, मारपीट और थर्ड डिग्री यातना देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

    पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली।

    कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में स्वजन और बड़ी संख्या में अन्य लोग रविवार देर शाम चौपानकी थाने पहुंचे और धरना देकर पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। रात करीब 9 बजे पूर्व विधायक संदीप यादव और कांग्रेस प्रत्याशी इमरान खान भी धरने में शामिल हुए तथा विरोध प्रदर्शन के बाद देर रात पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली।

    खबरें और भी

    "पूरे मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू को सौंपी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।"

    -बृजेश उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक, भिवाड़ी।

    यह भी पढ़ें- 31 साल में दूसरी बार SC महिला चलाएगी छोटी सरकार, रेवाड़ी में निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया खत्म

    यह भी पढ़ें- अवैध रूप से रह रहे लोगों की खैर नहीं! रेवाड़ी में श्रमिकों के पहचान पत्रों की हो रही जांच; पुलिस का अभियान तेज

    यह भी पढ़ें- कागजों में सिमटे आदेश, रेवाड़ी में यात्रियों को रियायती दरों और पास का नहीं मिल रहा फायदा; आंखें मूंदे बैठे अधिकारी