सेना के जवान ने सच छिपाकर की दूसरी शादी, तीन साल की कैद
रुद्रपुर की एक अदालत ने सेना के एक जवान को पहली पत्नी के जीवित रहते तथ्य छिपाकर दूसरी शादी करने के आरोप में तीन साल की सजा सुनाई है। ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। पहली पत्नी के जीवित रहते हुए यह तथ्य छिपाकर दूसरा विवाह करने वाले सेना के एक जवान को एसीजेएम शमा परवीन की अदालत ने तीन वर्ष की सजा सुनाई है।
न्यायिक सूत्रों के अनुसार, रुद्रपुर निवासी शालू पांडे ने सौंपी तहरीर में कहा था कि वर्ष 2015 में बरेली के जौहरपुर निवासी राजीव शर्मा ने मैरिज वेबसाइट के माध्यम से उससे संपर्क किया।
उसने स्वयं को सेना में कार्यरत बताते हुए कहा कि उसका अपने परिवार से कोई संबंध नहीं है। उस पर विश्वास कर 14 मई 2015 को रुद्रपुर स्थित होटल में दोनों का विवाह हुआ।
शादी के कुछ समय बाद राजीव के व्यवहार पर संदेह होने पर शालू के स्वजन ने अमृतसर स्थित उसकी सैन्य यूनिट में जानकारी जुटाई।
पहले से विवाहित और उसके तीन बच्चे भी
जांच में पता चला कि राजीव पहले से विवाहित है और उसके तीन बच्चे भी हैं। इसके बाद शालू ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत की। समझौते के बाद वह ससुराल गई, लेकिन प्रताड़ना जारी रहने पर उसने कोर्ट की शरण ली।
कोर्ट के आदेश पर कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर विवेचना शुरू कर दी थी। साथ ही चार्जशीट न्यायालय में दाखिल कर दी थी। मामले की सुनवाई न्यायालय पंचम अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन/एसीजेएम शमा परवीन की अदालत में हुई।
लंबी सुनवाई और साक्ष्य के परीक्षण के बाद अदालत ने माना कि आरोपित ने अपनी पहली पत्नी के जीवित रहते हुए यह तथ्य छिपाकर दूसरा विवाह किया। इस पर न्यायालय ने दोषी ठहराते हुए उसे तीन वर्ष की सजा सुनाई है।