बाजपुर में वन संपदा की जांच को गई संयुक्त टीम पर युवक ने फर्सा ताना, अभद्रता का आरोप
बाजपुर में वन अपराध के आरोपियों पर कार्रवाई करने गई वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम पर एक युवक ने फर्सा तानकर अभद्रता की। ...और पढ़ें

नोटिस तामील करने जाती वन विभाग की टीम व पुलिस।
HighLights
संयुक्त टीम पर वन अपराध के आरोपियों के घर हमला
एसडीओ मनिंदर कौर को युवक ने फर्सा दिखाकर धमकाया
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित, कानूनी कार्रवाई जारी
संवाद सहयोगी, बाजपुर। वन अपराध में वांछित आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए ग्राम थापकनगला पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है।
आरोप है कि एक युवक ने उपप्रभागीय वनाधिकारी (एसडीओ) के साथ ही संयुक्त टीम पर फर्सा तान दिया और टीम को धमकाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार केलाखेड़ा थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी बेरिया दौलत अंतर्गत ग्राम थापकनगला में वन अपराध में संलिप्त आरोपितों की धरपकड़ एवं न्यायालय के नोटिस तामील कराने के उद्देश्य से बरहैनी वन रेंज और बेरिया चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया।
इस दौरान कार्रवाई का नेतृत्व उप प्रभागीय वनाधिकारी मनिंदर कौर कर रही थीं। उनके साथ एसओजी प्रभारी कैलाश तिवारी, पुलिस बल तथा बरहैनी वन रेंज का स्टाफ भी मौजूद था।
बताया गया कि संयुक्त टीम जब एक आरोपित के आवास पर पहुंची, तभी वहां मौजूद एक युवक ने अचानक हाथ में फर्सा लेकर एसडीओ मनिंदर कौर एवं संयुक्त टीम की ओर तान दिया।
आरोप है कि युवक ने वन विभाग और पुलिस टीम को डराने-धमकाने का प्रयास किया तथा अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज भी की।
हालांकि, मौके पर मौजूद टीम ने संयम बरतते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं होने दी।
एसडीओ मनिंदर कौर ने बताया कि घटना के संबंध में कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। अभी आरोपित के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत नहीं हुई थी।
अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी खूब प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग और पुलिस की कार्रवाई तथा आरोपित की हरकत को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
यह भी पढ़ें- देहरादून के प्रेमनगर में जुए के अड्डे पर छापा, तीन जुआरी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- देहरादून में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन लूट, रास्ता पूछने के बहाने बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम