उत्तराखंड के बाजपुर में नेशनल हाईवे किनारे 2 दुकानों में लगी भीषण आग, धू-धू कर जला सामान
बाजपुर के सुल्तानपुर पट्टी में नेशनल हाईवे-74 पर दो दुकानों में भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। ...और पढ़ें

ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर अंतर्गत सुल्तानपुर पट्टी में दुकानों में लगी भीषण आग।
HighLights
सुल्तानपुर पट्टी में नेशनल हाईवे-74 पर दो दुकानों में आग लगी
बाइक मिस्त्री और इलेक्ट्रिशियन की दुकान का लाखों का नुकसान हुआ
दमकल विभाग एक घंटे देरी से पहुंचा, पुलिस मामले की जांच कर रही है
संवाद सूत्र, सुल्तानपुर पट्टी (बाजपुर)। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर अंतर्गत सुल्तानपुर पट्टी में नेशनल हाईवे-74 पर शुक्रवार देर रात दो दुकानों में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।
एक बाइक मिस्त्री की दुकान से उठी आग की लपटों ने देखते ही देखते बगल में स्थित इलेक्ट्रिशियन की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी विकराल थी कि काफी देर तक लपटें धधकती रहीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ी करीब एक घंटे देरी से मौके पर पहुंची।
स्पेयर पार्ट्स और बैटरियां जलकर राख
आग की शुरुआत बाइक मिस्त्री देवेंद्र कुमार की दुकान से हुई। आग की तीव्रता के कारण दुकान में रखे करीब चार लाख मूल्य के मोटरसाइकिल स्पेयर पार्ट्स और अन्य कीमती उपकरण जलकर पूरी तरह खाक हो गए।
आग ने रफ्तार पकड़ी और पास में ही स्थित विनोद इलेक्ट्रिशियन की दुकान को भी राख में तब्दील कर दिया। विनोद की दुकान में रखीं बड़ी बैटरियां, सेल्फ और अन्य इलेक्ट्रिकल सामान भी इस अग्निकांड की भेंट चढ़ गए।
लाचारी में देखते रहे लोग
हादसे के वक्त हाईवे पर बड़ी संख्या में राहगीर और स्थानीय लोग एकत्र हो गए, लेकिन आग का तांडव देखकर किसी की भी आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं हुई। लोग बेबसी में दमकल विभाग का इंतजार करते रहे।
इसी बीच सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए हाईवे पर मौजूद भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
घटना के करीब एक घंटे बाद पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग शॉर्ट सर्किट समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटे हैं।
यह भी पढ़ें- मैनपुरी में बड़ा हादसा, आगे चल रहे ट्रक से टकराई दिल्ली से कानपुर जा रही बस; ड्राइवर सहित आठ सवारियां घायल
यह भी पढ़ें- श्रावस्ती में युवक ने पिता पर किया हमला, गैस सिलिंडर से मकान में लगाई आग