कांवड़ यात्रा के लिए यूपी और उत्तराखंड पुलिस ने कसी कमर, साझा की रूट डायवर्जन व अपराधियों की लिस्ट
कावड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड पुलिस ने संयुक्त बैठक की। ...और पढ़ें

सुगम यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड पुलिस की संयुक्त रणनीति। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, किच्छा । आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को पुलभट्टा-बहेड़ी टोल प्लाजा के निकट बहेड़ी की मुडिया पुलिस चौकी में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सीमांत थाना प्रभारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता सीओ सितारगंज भूपेंद्र सिंह धौनी और सीओ बहेड़ी अरुण कुमार ने की।
रूट डायवर्जन की रूपरेखा पर भी चर्चा
सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने बताया कि कांवड़यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों प्रदेशों की पुलिस के बीच समन्वय मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
कांवड़ियों की समस्याओं का समय रहते समाधान करने के लिए प्रत्येक कांवड़ दल के प्रमुख का मोबाइल नंबर पुलिस के पास उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा यूपी और उत्तराखंड पुलिस की टीमें सीमा क्षेत्र तक लगातार तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि कुछ अपराधी दोनों राज्यों की सीमा का फायदा उठाकर एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश में भाग जाते हैं। इस पर रोक लगाने के लिए दोनों राज्यों की पुलिस ने ऐसे अपराधियों की सूची एक-दूसरे को सौंप दी है।
खबरें और भी
बैठक में उत्तराखंड की ओर से किच्छा कोतवाल रवि सैनी, सितारगंज कोतवाल सुंदरम शर्मा और पुलभट्टा थाना प्रभारी प्रदीप मिश्रा मौजूद रहे, जबकि उत्तर प्रदेश की ओर से बहेड़ी कोतवाल दिनेश शर्मा, देवरनिया कोतवाल आशुतोष द्विवेदी और शीशगढ़ कोतवाल राजेश कुमार ने भाग लिया।