उत्तराखंड में मिला 15650 लीटर केमिकल का जखीरा, मचा हड़कंप; गोदाम सील
उत्तराखंड एसटीएफ, पुलिस और आबकारी विभाग ने किच्छा में एक गोदाम से 15,650 लीटर प्रतिबंधित रासायनिक पदार्थ बरामद किए हैं। अवैध शराब निर्माण में उपयोग की ...और पढ़ें

किच्छा में गोदाम के अंदर एसटीएफ की टीम।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, किच्छा। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध केमिकल सप्लायरों के खिलाफ़ कार्रवाई करते हुए किच्छा क्षेत्र में एक गोदाम से करीब 15,650 लीटर प्रतिबंधित रासायनिक पदार्थ बरामद किए हैं।
साथ ही 108 ड्रम जब्त किए है। इनका अवैध शराब निर्माण, हैंड सेंटाइजर और पेंट में इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल केमिकल क्या है इसकी जांच के लिए नमूने लैब भेजे गए है। गोदाम से जुड़े लोगों की भी तलाश शुरू कर दी है।
गोदाम से जुड़े लोगों की भी तलाश शुरू
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि एसटीएफ की कुमाऊं यूनिट, किच्छा पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने गुरुवार शाम को लालपुर क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान एक गोदाम से 108 ड्रमों में भरे केमिकल और 78 खाली ड्रम बरामद हुए।
जब्त सामग्री में लगभग 9,050 लीटर एथेनाल, 2,600 लीटर ग्लूकोज और 4,000 लीटर सार्बिटाल शामिल हैं। इसके अलावा टुल्लू पंप, प्लास्टिक पाइप, गेज, फ्लास्क और मापक यंत्र भी बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गोदाम किच्छा निवासी राजकुमार खुराना अवैध रूप से संचालित कर रहा था। आबकारी विभाग ने सभी केमिकल के नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गोदाम को सील कर दिया गया है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार एथेनाल का उपयोग अवैध शराब बनाने में किया जा सकता है, जबकि ग्लूकोज और सार्बिटाल का उपयोग खाद्य एवं औषधि उद्योग में होता है।
ऐसे रसायनों के अवैध भंडारण और उपयोग को देखते हुए पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। टीम में जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र बिष्ट, एसटीएफ निरीक्षक विकास चौधरी, उप निरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, कृष्ण कुमार मठपाल, किच्छा कोतवाली उप निरीक्षक बसंत कुमार आदि मौजूद थे।
खबरें और भी
इनमें होता है केमिकल का उपयोग
किच्छा। भारी मात्रा में रसायन व खाली ड्रम बरामद एसटीएफ की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में औद्योगिक रसायन एवं खाली ड्रम बरामद किए गए। टीम ने मौके से 78 खाली ड्रम जब्त किए। इसके अलावा भरे ड्रमों में करीब 9050 लीटर एथेनॉल, 2600 लीटर ग्लूकोज तथा 4000 लीटर सॉर्बिटॉल बरामद हुआ। प्राथमिक जानकारी के अनुसार एथेनॉल का उपयोग शराब बनाने में किया जाता है।
वहीं ग्लूकोज का इस्तेमाल टॉफी एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में तथा सॉर्बिटॉल का उपयोग कफ सिरप एवं विभिन्न दवाइयों के निर्माण में होता है। एसटीएफ ने बरामद सभी रासायनिक पदार्थों को अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
किच्छा। एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को किसी भी प्रकार की फर्जी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल एसटीएफ को दें। विभाग का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
एसटीएफ ने लोगों से अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में सहयोग करने की अपील करते हुए संपर्क के लिए हेल्पलाइन मोबाइल नंबर 9412029536 जारी किया है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना इस नंबर पर तत्काल दी जा सकती है।