उत्तराखंड का दरिंदा सीए: रिश्तेदार लड़की संग हैवानियत की हद पार, ब्लैकमेल कर सात साल तक किया शोषण
सितारगंज के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट को गुरुग्राम पुलिस ने बरेली से गिरफ्तार किया है। उस पर रिश्तेदार युवती का वर्षों तक यौन शोषण करने, अश्लील वीडियो से ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, सितारगंज । रिश्तेदारी की आड़ में युवती को शादी का झांसा देकर वर्षों तक यौन शोषण करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, लाखों रुपये ऐंठने और दो बार उसकी शादी तुड़वाने के बहुचर्चित मामले में गुरुग्राम पुलिस ने सितारगंज निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) को बरेली से गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता की शिकायत पर 25 जुलाई को गुरुग्राम के सुशांत लोक थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुकदमा दर्ज
करीब एक सप्ताह तक चली तलाश के बाद गुरुग्राम पुलिस ने 29 जुलाई को बरेली से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपित को पुलिस रिमांड पर लिया गया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच जारी है।
युवती ने गुरुग्राम के सुशांत लोक थाना में पंजीकृत कराई गई एफआईआर में बताया कि आरोपित उसका रिश्तेदार है। दोनों के बीच वर्ष 2017 में चार्टर्ड अकाउंटेंसी की पढ़ाई के दौरान परिचय हुआ था। पारिवारिक रिश्तेदारी होने के कारण दोनों के बीच विश्वास कायम हुआ। वर्ष 2020 में पीड़िता अपने रिश्तेदारों के यहां सितारगंज आई थी।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपित ने शादी का झूठा भरोसा देकर उसके साथ पहली बार शारीरिक संबंध बनाए और बिना जानकारी के उसके आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिए। शिकायत के अनुसार इसके बाद आरोपित उन्हीं वीडियो के जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
खबरें और भी
आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2021 से 2023 तक जब भी पीड़िता नौकरी के सिलसिले में गुरुग्राम जाती, आरोपित उसे होटल में बुलाता और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मानसिक दबाव में शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता था। विरोध करने पर जान से मारने तथा अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी जाती थी। आरोपित पीड़िता का मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेकर उसके व्हाट्सएप, ई-मेल और बैंक खातों तक पहुंच बना ली।
निजी जानकारी का दुरुपयोग
इतना ही नहीं, उसने अपने डिजिटल उपकरणों को पीड़िता की आईडी से जोड़कर उसकी निजी जानकारी का दुरुपयोग किया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ब्लैकमेल कर आरोपित ने पीड़िता से 20 से 25 लाख रुपये तक की धनराशि भी ऐंठ ली। पीड़िता ने शिकायत में यह भी कहा है कि वर्ष 2023 में आरोपित का विवाह किसी अन्य युवती से हो गया, लेकिन इसके बाद भी उसने उसका पीछा नहीं छोड़ा।
फरवरी 2026 में जब उसकी शादी तय हुई तो आरोपित ने उसके मंगेतर और स्वजन को आपत्तिजनक वीडियो भेज दिए, जिससे विवाह टूट गया। बाद में दूसरी जगह तय हुआ रिश्ता भी आरोपित ने इसी तरह तुड़वा दिया। शिकायत के अनुसार दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हुई, जिसमें आरोपित ने भविष्य में परेशान नहीं करने का भरोसा दिया था, लेकिन उसके बावजूद ब्लैकमेल और धमकियों का सिलसिला जारी रहा।
इधर प्राथमिकी पंजीकृत होने के बाद गुरुग्राम पुलिस की एक टीम आरोपित की तलाश में सितारगंज पहुंची। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई, लेकिन आरोपित हाथ नहीं लगा। जांच के दौरान पुलिस को उसकी लोकेशन बरेली में मिली। इसके बाद टीम तत्काल बरेली पहुंची और तकनीकी निगरानी के आधार पर 29 जुलाई को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद उसे गुरुग्राम ले जाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस को रिमांड मिल गया।पुलिस अब आरोपित के मोबाइल फोन, लैपटॉप, सोशल मीडिया अकाउंट, क्लाउड डाटा, बैंक खातों के लेन-देन, चैट हिस्ट्री और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच करा रही है। साथ ही शिकायत में लगाए गए अश्लील वीडियो बनाने, ब्लैकमेलिंग, आर्थिक उगाही और डिजिटल माध्यम से उत्पीड़न के आरोपों की भी गहन जांच की जा रही है।
जांच के दौरान जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, गुरुग्राम के सुशांत लोक थाना में तैनात एएसआई सोनिका भांभू ने मामले में प्राथमिकी दर्ज होने और आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की। हालांकि, उन्होंने बताया कि प्रकरण की जांच जारी है। इसी वजह से उन्होंने जांच प्रभावित होने का हवाला देते हुए मामले से जुड़ी अन्य कोई जानकारी साझा करने से इन्कार कर दिया।