उत्तरकाशी में आस्था के साथ मनाया रुद्रेश्वर महादेव मेला, ध्याणियों ने भगवान को अर्पित किए सोने के आभूषण
नौगांव के किम्मी गांव में भगवान रुद्रेश्वर महादेव का पारंपरिक सावन मेला श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान ध्याणियों ने लगभग 4.5 लाख रुपये ...और पढ़ें

नौगांव ब्लाक के किम्मी गांव में रुद्रेश्वर देवता की डोली से आशीर्वाद लेने उमड़ी ध्याणियां व श्रद्धालु। जागरण
HighLights
किम्मी गांव में रुद्रेश्वर महादेव का पारंपरिक सावन मेला संपन्न
ध्याणियों ने 4.5 लाख के स्वर्ण-रजत आभूषण समर्पित किए
भगवान रुद्रेश्वर ने पश्वा के माध्यम से भक्तों को आशीर्वाद दिया
संवाद सूत्र, नौगांव (उत्तरकाशी)। विकासखंड नौगांव की ग्राम पंचायत किम्मी (मुंगरसंती) में भगवान श्री रुद्रेश्वर महादेव का पारंपरिक सावन मेला श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
मेले के दौरान आयोजित देव-ध्याणी मिलन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ध्याणियों ने भाग लेकर धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
कार्यक्रम में करीब 200 ध्याणियों के सहयोग से तैयार किए गए लगभग साढ़े चार लाख रुपये मूल्य के स्वर्ण एवं रजत आभूषण गांव के इष्ट देवताओं की उपस्थिति में गंगनानी कुंड स्नान के बाद भगवान रुद्रेश्वर को समर्पित किए गए।
इनमें भगवान रुद्रेश्वर के लिए सोने का ओम पेंडेंट, पांडवों के लिए चांदी का कटोरा, मां काली के लिए चांदी का छत्र तथा भगवान नृसिंह के लिए चांदी का चिमटा सहित कई धार्मिक आभूषण शामिल रहे।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत की ओर से सभी ध्याणियों व मुख्य अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
ग्राम प्रधान प्रताप सिंह राणा ने कहा कि गांव में वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा को हर वर्ष पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाया जाता है, जो समाज को एकता और संस्कृति से जोड़ने का कार्य करती है।
मेले के दौरान देवता के पश्वा अमन सेमवाल पर भगवान रुद्रेश्वर अवतरित हुए और उन्होंने ध्याणियों को सफल आयोजन के लिए आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
इस दिव्य दृश्य से पूरे मेले में श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा। ध्याणी सम्मान समारोह की अध्यक्षता रंजनी रावत ने की।
इस अवसर पर ललिता भारती, ज्योति रावत, शांता देवी, कल्पना, कौशल्या देवी, सोबेन्द्री रावत सहित अन्य महिलाओं ने कहा कि उनके इष्ट देवता जीवन के हर सुख-दुख में उनका मार्गदर्शन और संरक्षण करते हैं।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री श्याम डोभाल, जिला पंचायत सदस्य विजय बंधानी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरीशा राणा, आनंदी राणा, भरत सिंह, हरिमोहन, सरदार राणा, प्रेम सिंह, केदार सिंह, जयवीर सिंह, हरी सिंह, राजेन्द्र राणा, बलवंत सिंह, बबलू, विनोद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।