भागलपुर को CM का तोहफा : AI व विक्रमशिला यूनिवर्सिटी, औद्योगिक हब, मरीन ड्राइव, 2 एयरपोर्ट और बटेश्वरधाम तक रोपवे
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भागलपुर दौरे पर क्षेत्र के लिए पांच बड़ी विकास परियोजनाओं की घोषणा की है। इनमें एआई यूनिवर्सिटी, विक्रमशिला विश्वविद्यालय ...और पढ़ें

भागलपुर को मिली 5 ऐतिहासिक सौगातें! खुलेगा AI यूनिवर्सिटी और मरीन ड्राइव, सीएम सम्राट चौधरी का बड़ा एलान
HighLights
भागलपुर में एआई और कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना होगी।
विक्रमशिला विश्वविद्यालय के लिए 220 एकड़ भूमि हस्तांतरित, निर्माण जल्द।
400 एकड़ औद्योगिक हब, गंगा मरीन ड्राइव, दो नए एयरपोर्ट मिलेंगे।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भागलपुर दौरे ने पूरे जिले सहित सीमांचल और अंग प्रदेश के विकास को एक नई और ऐतिहासिक रफ्तार दे दी है। कासिल गोराडीह के मंच से मुख्यमंत्री ने भागलपुर प्रमंडल के कायाकल्प के लिए एक साथ 5 ऐसी बड़ी बुनियादी और तकनीकी महा-योजनाओं की घोषणा की है, जो भविष्य बदल देंगी। इन ऐतिहासिक सौगातों में उच्च शिक्षा से लेकर विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी, पर्यटन और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के बड़े विजन को शामिल किया गया है।
भागलपुर में खुलेगी AI यूनिवर्सिटी
तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में सबसे बड़ा धमाका करते हुए मुख्यमंत्री ने भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना का एलान किया है। इस अत्याधुनिक संस्थान के खुलने से बिहार के मेधावी छात्र-छात्राओं को अब डेटा साइंस और आधुनिक कंप्यूटर कोडिंग की पढ़ाई के लिए बेंगलुरु या दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही ऐतिहासिक विक्रमशिला केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए बहुप्रतीक्षित 220 एकड़ भूमि आधिकारिक तौर पर पूरी तरह से हस्तांतरित (ट्रांसफर) कर दी गई है।
एक साल में शुरू होगा निर्माण
राज्य सरकार ने जमीन ट्रांसफर करने के साथ ही केंद्र सरकार के समन्वय से आगामी एक वर्ष के भीतर विक्रमशिला यूनिवर्सिटी का भव्य निर्माण कार्य शुरू कराने का लक्ष्य तय किया है। वहीं, जिले में औद्योगिक क्रांति लाने के उद्देश्य से 400 एकड़ के विशाल भूभाग पर एक नया अत्याधुनिक औद्योगिक क्षेत्र (इंडस्ट्रियल हब) विकसित करने का मार्ग प्रशस्त किया गया है। इस विशाल औद्योगिक पार्क में देश-विदेश की बड़ी कंपनियों को आमंत्रित किया जाएगा, जिससे भागलपुर और आसपास के स्थानीय लाखों युवाओं के लिए घर पर ही रोजगार के बंपर अवसर पैदा होंगे।
मुंगेर-भागलपुर के बीच मरीन ड्राइव
कनेक्टिविटी को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए मुंगेर से भागलपुर के बीच करीब 83 किलोमीटर लंबे शानदार गंगा मरीन ड्राइव के निर्माण को हरी झंडी दे दी गई है। भविष्य में इस भव्य मरीन ड्राइव का विस्तार सबौर के रास्ते सीधे झारखंड की राजमहल सीमा तक करने की एक बेहद महत्वाकांक्षी और दीर्घकालिक योजना पर काम चल रहा है। इसके अलावा, प्रसिद्ध धार्मिक और आध्यात्मिक स्थल बटेश्वरधाम तक श्रद्धालुओं की सुगमता के लिए एक अत्याधुनिक और सुरक्षित रोपवे निर्माण को भी हरी झंडी दे दी गई है।
खबरें और भी
क्षेत्र में बनेंगे दो नए एयरपोर्ट
नागरिक उड्डयन और हवाई सफर को रफ्तार देने के लिए इस पूरे क्षेत्र में दो नए शानदार एयरपोर्ट विकसित किए जाने की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली घोषणा की गई है। इन दोनों हवाई अड्डों में सुल्तानगंज का प्रस्तावित नया एयरपोर्ट भी शामिल है, जिससे श्रावणी मेले में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सीधी एयर कनेक्टिविटी मिल सकेगी। मुख्यमंत्री की इन पांचों घोषणाओं के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों, एनडीए नेताओं और चेंबर ऑफ कॉमर्स ने भागलपुर के स्वर्णिम युग की शुरुआत बताते हुए खुशी जाहिर की है।
भागलपुर के विकास को मिलेगी नई दिशा : रोहित पांडेय
भागलपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित पांडेय ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भागलपुर दौरे को जिले के विकास के लिए ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि गोराडीह के काशिल स्थित नवस्थापित राजकीय महाविद्यालय में 211 नए डिग्री कालेजों में पठन-पाठन शुरू होने से उच्च शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।
विधायक रोहित पांडेय ने कहा कि भागलपुर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं कंप्यूटर साइंस विश्वविद्यालय की स्थापना, विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनर्स्थापन, 400 एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र के विकास, विक्रमशिला सेतु को 30 नवंबर तक चालू करने, मुंगेर-भागलपुर गंगा मरीन ड्राइव तथा कहलगांव-बटेश्वरधाम रोप-वे जैसी घोषणाएं जिले के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से शिक्षा, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक अवसर सृजित होंगे। रोहित पांडेय ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सभी योजनाएं तय समयसीमा के अंदर पूरा हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- भागलपुर में गरजे CM सम्राट : जनता को बताया मालिक, खुद को सेवक, अंगिका भाषा के पांच शब्दों ने सभा को किया रोमांचित
यह भी पढ़ें- CM सम्राट चौधरी का अल्टीमेटम: बिहार में या तो अपराध छोड़ें या भागलपुर जेल जाएं अपराधी, 100 फास्ट ट्रैक कोर्ट मंजूर
यह भी पढ़ें- बिहार में उच्च शिक्षा को नई उड़ान: 211 नए डिग्री कॉलेजों में आज से शुरू होगी पढ़ाई, CM सम्राट करेंगे उद्घाटन