Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कोर्ट कॉरिडोर में टकराईं दो परछाइयां: तेजस्वी का इशारा, तेजप्रताप का गुस्सा और खामोश रहा लालू परिवार

    Updated: Fri, 09 Jan 2026 02:25 PM (IST)

    दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में जमीन के बदले नौकरी घोटाले की सुनवाई के दौरान लालू परिवार की अंदरूनी कलह सामने आई। तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव का ...और पढ़ें

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    डिजिटल डेस्क, पटना। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में शुक्रवार को सिर्फ कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि लालू परिवार की अंदरूनी दरार भी एक बार फिर कैमरों के सामने आ गई। जमीन के बदले नौकरी घोटाले में राजद सुप्रीमो लालू यादव समेत 41 लोगों पर आरोप तय होने के दिन वह दृश्य देखने को मिला, जिसने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी।

    लालू यादव परिवार के लिए यह दिन पहले से ही तनावपूर्ण था। कोर्ट के निर्देश पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, उनकी बहन मीसा भारती और बड़े बेटे तेज प्रताप यादव सशरीर अदालत पहुंचे।

    वहीं, लालू यादव और राबड़ी देवी स्वास्थ्य कारणों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट से जुड़े। लेकिन सुनवाई से ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, तेजस्वी और तेज प्रताप का आमना-सामना।

    महीनों बाद आमने-सामने भाई

    कोर्ट परिसर में जब तेजस्वी यादव अपने वकीलों, मीसा भारती और करीबी मित्र संजय यादव के साथ लिफ्ट से बाहर निकले, तभी सामने से तेज प्रताप यादव अपने अधिवक्ता के साथ पहुंचे। पल भर के लिए माहौल ठहर सा गया। कैमरे चलने लगे। कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई, लेकिन जो हुआ, वह सब कुछ कह गया।

    तेजस्वी यादव ने बड़े भाई तेज प्रताप की ओर देखा और इशारों में हालचाल पूछा। एक छोटा-सा मानवीय संकेत, लेकिन जवाब में जो दिखा, वह गहरी खामोशी और चेहरे पर साफ झलकता गुस्सा था। तेज प्रताप यादव का चेहरा लाल था, भाव सख्त और नजरें भारी। बिना कुछ कहे वे आगे बढ़ गए।

    गुस्से की वजह क्या?

    राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि तेज प्रताप की नाराजगी सिर्फ भाई से नहीं, बल्कि तेजस्वी के बेहद करीबी माने जाने वाले संजय यादव को लेकर भी है।

    तेज प्रताप कई बार सार्वजनिक मंचों से 'जयचंद' शब्द का इस्तेमाल करते रहे हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह तंज सीधे तौर पर संजय यादव के लिए होता है, हालांकि उन्होंने कभी नाम नहीं लिया।

    दिलचस्प बात यह रही कि कोर्ट में तेजस्वी जहां भी गए, संजय यादव उनके साथ मौजूद रहे। यह दृश्य भी तेज प्रताप की नाराजगी को और गहरा करता नजर आया।

    पहले भी दिख चुका है तनाव

    यह पहला मौका नहीं है जब दोनों भाइयों का आमना-सामना चर्चा में आया हो। हाल ही में विधानसभा चुनाव के दौरान पटना एयरपोर्ट पर भी ऐसा ही दृश्य देखने को मिला था।

    उस वक्त तेज प्रताप यादव एक चर्चित यूट्यूबर के साथ शॉपिंग कर रहे थे, तभी तेजस्वी यादव वहां पहुंचे थे। तेजस्वी के हल्के-फुल्के अंदाज और तेज प्रताप के भावुक-गुस्सैल चेहरे का वीडियो तब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

    परिवार से बाहर, फिर भी चर्चा के केंद्र में

    गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव को खुद लालू यादव ने पार्टी और परिवार से छह साल के लिए बाहर कर दिया है। इसके बावजूद लालू परिवार से जुड़ी हर बड़ी घटना में तेज प्रताप की मौजूदगी और उनका रवैया सुर्खियों में आ जाता है।

    खबरें और भी

    कानूनी संकट के बीच पारिवारिक सियासत

    एक ओर कोर्ट ने लैंड फॉर जॉब मामले में इसे 'व्यापक आपराधिक साजिश' मानते हुए आरोप तय किए हैं, दूसरी ओर कोर्ट के गलियारों में लालू परिवार की टूटती हुई पारिवारिक केमिस्ट्री साफ नजर आई। शब्द नहीं बोले गए, लेकिन इशारों, नजरों और चेहरे के भावों ने बहुत कुछ कह दिया।

    दिल्ली की अदालत में वह दिन लालू परिवार के लिए सिर्फ कानूनी चुनौती का नहीं था, बल्कि भावनात्मक और राजनीतिक टकराव का भी गवाह बन गया।

    यह भी पढ़ें- 26 लाख में 4 करोड़ की जमीन; तीन दिन में नौकरी, लैंड फॉर जॉब घोटाले की परत-दर-परत कहानी

    यह भी पढ़ें- 'लूट से बनी संपत्ति; गुनाह की लिस्ट लंबी', बिहार BJP अध्यक्ष का लैंड फॉर जॉब स्कैम को लेकर लालू फैमिली पर अटैक

    यह भी पढ़ें- Land For Job Scam: लालू-राबड़ी और तेजस्वी-तेजप्रताप समेत अन्य पर आरोप तय, CBI कोर्ट ने कहा- संगठित आपराधिक साजिश

    यह भी पढ़ें- लालू से 8 महीने बाद म‍िले तेज प्रताप; दही-चूड़ा भोज का द‍िया न्‍योता; तेजस्‍वी को देखकर भी क्‍यों क‍ि‍या इग्‍नोर?