Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    श्रद्धा वॉकर हत्याकांड की सुनवाई तीन महीनों से छाई सुस्ती व गवाही पर उठे सवाल; छुट्टियों के बाद तेज होगी कार्यवाही

    Updated: Tue, 19 May 2026 10:47 PM (IST)

    साकेत कोर्ट ने श्रद्धा वाकर हत्याकांड मामले की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की है। न्यायाधीश ने पिछले तीन महीनों में 'पूरी तरह से सुस्ती' और कोई प्रग ...और पढ़ें

    कोर्ट ने कहा कि पिछले तीन महीनों में इस मामले में 'पूरी तरह से सुस्ती' देखने को मिली है और लगभग कोई प्रगति नहीं हुई है।

    कोर्ट ने कहा कि पिछले तीन महीनों में इस मामले में 'पूरी तरह से सुस्ती' देखने को मिली है और लगभग कोई प्रगति नहीं हुई है।

    HighLights

    1. साकेत कोर्ट ने सुनवाई की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई।

    2. न्यायाधीश ने तीन माह से "पूरी तरह सुस्ती" पर टिप्पणी की।

    3. गर्मियों की छुट्टियों के बाद तेजी से काम करने का निर्देश।

    जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। साकेत कोर्ट ने मंगलवार को श्रद्धा वाकर हत्याकांड मामले में सुनवाई की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। कोर्ट ने कहा कि पिछले तीन महीनों में इस मामले में 'पूरी तरह से सुस्ती' देखने को मिली है और लगभग कोई प्रगति नहीं हुई है।

    न्यायाधीश से कहा...

    अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हरगुरविंदर सिंह ने यह टिप्पणी तब की जब सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने सबूत पेश किए और गवाहों से जिरह की गई। मामले में पेश हुए वकीलों को संबोधित करते हुए न्यायाधीश ने मौखिक रूप से कहा, 'मैं इसे क्या कहूं... पूरी तरह से सुस्ती। तीन महीने बीत चुके हैं- मार्च, अप्रैल और मई। हमें इस मामले में कोई प्रगति नहीं दिखी है।'

    छुट्टियों के बाद होगा तेजी से काम

    कोर्ट ने वकीलों से यह भी कहा कि गर्मियों की छुट्टियों के बाद वे 'तेजी से काम करें'। यह टिप्पणी तब आई जब बचाव पक्ष ने अभियोजन पक्ष के गवाह, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार से जिरह जारी रखी, जो लगभग तीन महीनों से चल रही है। मंगलवार उनकी जिरह का सातवां दिन था। सुनवाई के दौरान, बचाव पक्ष ने गवाह से मृतक के जबड़े की बरामदगी से जुड़े फोरेंसिक विवरण में कथित विसंगतियों के बारे में सवाल पूछे।

    पिछली गवाही का दिया हवाला

    अपनी पिछली गवाही का हवाला देते हुए, वकील ने बताया कि गवाह ने कहा था कि बरामद जबड़े में 15 दांत थे, जिनमें दो चांदी के कैप वाले थे, जबकि फोरेंसिक रिपोर्ट में 11 दांत और एक चांदी का कैप दर्ज था।

    खबरें और भी

    इस पर गवाह ने कहा कि यह वही जबड़ा था जो बरामद किया गया था। गवाह से श्रद्धा के होने का दावा किए गए बालों की बरामदगी के बारे में भी सवाल पूछे गए।

    हेड कांस्टेबल दीपक कुमार ने कहा कि बाल एमजी रोड पर सड़क किनारे रखे एक कूड़ेदान से बरामद किए गए थे, जो एक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप और शराब की दुकान के पास था। उन्होंने यह भी माना कि वह एक सार्वजनिक स्थान था जहां हर कोई जा सकता था।

    250 से अधिक गवाहों ने दी गवाही

    यह पूछे जाने पर कि क्या आरोपित ने किसी बयान में पानी की टंकी के ऊपर रखे लकड़ी के कैबिनेट का जिक्र किया था, गवाह ने कहा कि 19 नवंबर, 2022 के एक बयान में इसका जिक्र किया गया था। उस बयान में आरोपित ने कथित तौर पर कहा था कि वह शरीर के अंगों को वहां छिपाकर रखता था।

    जब से इस मामले में सुनवाई शुरू हुई है, तब से अभियोजन पक्ष की ओर से 250 से अधिक गवाहों की गवाही ली जा चुकी है। मुकदमे की सुनवाई के दौरान, वाकर के पिता - जो इस मामले को लगातार आगे बढ़ा रहे थे और अक्सर अदालत की कार्यवाही में शामिल होते थे, उनका भी निधन हो गया।

    6,629 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की

    आफताब अमीन पूनावाला पर आरोप है कि उसने 18 मई, 2022 को महरौली स्थित अपने घर पर अपनी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा वाकर का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और उसके शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए।

    अभियोजन पक्ष के अनुसार, उसने शव के टुकड़ों को एक फ्रिज में रखा और फिर पकड़े जाने से बचने के लिए कई दिनों तक राष्ट्रीय राजधानी के अलग-अलग स्थानों पर उन्हें ठिकाने लगाता रहा।

    दिल्ली पुलिस ने 24 जनवरी, 2023 को इस मामले में 6,629 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की। बाद में, एक ट्रायल कोर्ट ने पूनावाला के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने के आरोप तय किए।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली में भीषण लू का कहर, 46 डिग्री के पार पहुंचा पारा; छह दिन का ऑरेंज अलर्ट जारी

    यह भी पढ़ें- सत्तू, ग्लूकोज और घमौरी पाउडर... श्रमिकों को दिल्ली सरकार की 'समर किट' में मिलेंगी ये 9 जरूरी चीजें

    यह भी पढ़ें- भूकंप भी नहीं हिला पाएगा इसकी बुनियाद! दिल्ली में देश का सबसे लंबा स्टील नेटवर्क ब्रिज तैयार

    यह भी पढ़ें- PM आवास के पास तीन झुग्गी बस्तियों को हटाने पर दिल्ली HC ने लगाई रोक, 717 निवासियों के पुनर्वास पर होगी सुनवाई