OTT पर धमाचौकड़ी मचाएगा 'बंदर', Bobby Deol की थ्रिलर फिल्म कब और कहां होगी स्ट्रीम?
बॉबी देओल की लेटेस्ट फिल्म बंदर (Bandar) सिनेमाघरों के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आ रही है। जानिए फिल्म कब और कहां स्ट्रीम होगी।

बंदर की ओटीटी रिलीज डेट। फोटो क्रेडिट- इंस्टाग्राम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। बॉबी देओल (Bobby Deol) की हालिया रिलीज फिल्म बंदर (Bandar) अब ओटीटी पर तहलका मचाने आ रही है। यह फिल्म ढाई महीने बाद ओटीटी पर आ रही है।
अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी क्राइम थ्रिलर बंदर 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को क्रिटिक्स से पॉजिटिव रिव्यू मिले, फिर भी फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों को खींच पाने में असफल हुई। बॉक्स ऑफिस पर असफलता के बाद अब इसे ओटीटी पर उतारा जा रहा है।
किस ओटीटी पर आ रही है बंदर?
भले ही बॉबी देओल की फिल्म बंदर को लोगों ने सिनेमाघरों में न देखा हो लेकिन लोग इसे ओटीटी पर देखने के लिए बेताब हैं। अगर आपने अभी तक यह फिल्म नहीं देखी है तो अब आप इसे घर बैठे ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 (Bandar on Zee5) पर देख सकते हैं।
कब से स्ट्रीम होगी बॉबी की मूवी?
हाल ही में, मेकर्स ने फिल्म की ओटीटी रिलीज डेट का भी ऐलान किया है। बॉबी देओल की ये फिल्म जी5 पर 28 अगस्त से स्ट्रीम होगी। अनाउंसमेंट के साथ पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, "जब किसी आदमी पर आरोप लगता है, तो क्या फैसला पहले ही तय हो जाता है? आरोप लगने के बाद किसी आदमी की जिंदगी को उलट-पुलट होते हुए देखें।"
View this post on Instagram
क्या है बंदर मूवी की कहानी?
फिल्म की कहानी टीवी स्टार समर (बॉबी देओल) के इर्द-गिर्द घूमती है जिसकी एक्स गर्लफ्रेंड उस पर यौन शोषण का आरोप लगाती है। इसके बाद उसका सामना एक भ्रष्ट न्याय व्यवस्था से होता है और उसकी जिंदगी उथल-पुथल से भर जाती है। फिल्म में बॉबी के अलावा सपना पब्बी, सबा आजाद, सान्या मल्होत्रा अहम भूमिकाओं में हैं।
बॉक्स ऑफिस पर बंदर मूवी हिट या फ्लॉप
जब फिल्म रिलीज हुई थी, तब इसे क्रिटिक्स ने सराहा था। यहां तक कि फिल्म टोरंटो फिल्म फेस्टिवल के लिए सिलेक्ट हुई थी। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर इसे सफलता नहीं मिली। फिल्म की कमाई करीब 5.45 करोड़ रुपये में ही सिमट गई। फिल्म को IMDb की तरफ से 7.2 रेटिंग मिली है।
