7000 साल पुरानी सभ्यता से थीम पार्क तक हरियाणा को बनाएंगे टूरिज्म हब, पर्यटन मंत्री बोले- 102 करोड़ से सहेजेंगे धरोहर
पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने हरियाणा को 7000 साल पुरानी विरासत से थीम पार्क तक एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बनाने की योजना बताई। राज्य सरकार निजी भागी ...और पढ़ें

प्रदेश के पर्यटन एवं सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने दैनिक जागरण 'विमर्श' कार्यक्रम प्रस्तुत किए प्रदेश के चौतरफा विकास योजनाएं संबंधी विचार। फोटो: संजय
HighLights
7000 साल पुरानी राखीगढ़ी विरासत का विकास।
धार्मिक पर्यटन केंद्र कुरुक्षेत्र को मिल रही पहचान।
102 करोड़ से ऐतिहासिक धरोहरों का जीर्णोद्धार।
डिजिटल डेस्क, गुरुग्राम। प्रदेश के पर्यटन एवं सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन क्षेत्र को मजबूत बनाने और 2047 के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हर सेक्टर में समन्वय के साथ काम कर रही है। उन्होंने सिंधु-सरस्वती सभ्यता, धार्मिक, प्राकृतिक, ऐतिहासिक और नए पर्यटन स्थलों के विकास पर विस्तृत जानकारी दी। यह विचार उन्होंने दैनिक जागरण 'विमर्श' कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
सात हजार वर्ष पुरानी विरासत का विकास
डॉ. शर्मा ने राखीगढ़ी को विश्व की सबसे बड़ी और प्राचीन सभ्यताओं में से एक बताते हुए कहा कि यह सात हजार वर्ष पुरानी विरासत है। आदि बद्री से पिहोवा तक सरस्वती नदी के पुनर्जीवन का कार्य किया गया है। पुरातात्विक खुदाई में मिले जल निकासी, स्वच्छता, स्नान व्यवस्था और पहिए के प्रारंभिक प्रमाण भारत की उन्नत प्राचीन सभ्यता को दर्शाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने का काम जारी है।
धार्मिक पर्यटन पर जोर
उत्तर प्रदेश के अयोध्या-मथुरा जैसे स्थलों का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि हरियाणा में कुरुक्षेत्र, ज्योतिसर और ब्रह्मसरोवर सनातन संस्कृति के प्रमुख केंद्र हैं। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गीता उपदेश की पवित्र भूमि कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव हर वर्ष 15-20 दिनों तक आयोजित होता है, जिसमें विदेशी पर्यटक भी बड़ी संख्या में आते हैं। 48 कोस क्षेत्र के समग्र विकास, बाबा बंदा सिंह बहादुर और गुरु रविदास जी के स्मृति स्थलों के निर्माण के साथ धार्मिक पर्यटन को नई पहचान दी जा रही है।
प्राकृतिक एवं पहाड़ी पर्यटन
मोरनी हिल, पिंजौर गार्डन (यादविंद्र गार्डन), ढोसी हिल और टिक्कर ताल जैसे स्थलों का विकास प्राथमिकता पर है। पिंजौर गार्डन अब वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी लोकप्रिय हो रहा है। ढोसी हिल पर पर्याप्त धनराशि खर्च कर बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
खबरें और भी
ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण
बड़खल झील, नारनौल जलमहल, चोर गुम्बद (नूंह) समेत 102 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुराने स्मारकों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया गया है। डॉ. शर्मा ने कहा कि पिछले दस-ग्यारह वर्षों में इन धरोहरों पर पहले से कहीं अधिक ध्यान दिया गया है।
हर जिले को पर्यटन पहचानसरकार केवल प्रसिद्ध स्थलों तक सीमित नहीं रहना चाहती। पंचकूला, पिंजौर, खरखौदा में अंतरराष्ट्रीय स्तर की एमआईसीई सुविधाएं, राई में एथनिक इंडिया परियोजना (100 करोड़ रुपये से अधिक), एम्यूजमेंट पार्क और थीम पार्क विकसित किए जा रहे हैं। मेडिकल और वेलनेस टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
हथनीकुंड बैराज, सुल्तानपुर, भिंडावास झील आदि स्थलों पर टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स, गेस्ट हाउस और अन्य सुविधाएं चरणबद्ध तरीके से विकसित की जाएंगी। आदि बद्री इसका सफल उदाहरण है।डॉ. अरविंद शर्मा ने पर्यटकों के अनुभव और वर्ड-ऑफ-माउथ प्रचार को पर्यटन विकास का सबसे बड़ा माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि हरियाणा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना सके।
जेलों में सुरक्षा और पुनर्वास पर भी ध्यान
पर्यटन से इतर एक सवाल के जवाब में मंत्री ने जेलों की सुरक्षा को हाईटेक बनाने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और रेवाड़ी-चरखी दादरी में नई जेलें बनाने की जानकारी दी। बंदियों के स्किल डेवलपमेंट और पुनर्वास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।सरकार का स्पष्ट संदेश है कि पर्यटन के माध्यम से स्थानीय रोजगार बढ़ाना, आर्थिक गतिविधियां मजबूत करना और प्रदेश की सांस्कृतिक-ऐतिहासिक विरासत को विश्व पटल पर ले जाना है।
सीएम सैनी ने भी बताए महा-प्लान
बता दें कि 'जागरण विमर्श' कार्यक्रम गुरुग्राम के सेक्टर-26 स्थित ली मेरेडियन होटल में आयोजित किया जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित कई मंत्रियों, विपक्षी नेताओं और एनसीआर के गणमान्य नागरिकों की भागीदारी रही। पर्यटन मंत्री से पूर्व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य के समोचित विकास की योजना बताते हुए फरीदाबाद और हिसार एयरपोर्ट के विकास की बात उजागर की थी।
यह भी पढ़ें- 'अयोध्या-मथुरा की तर्ज पर दमकेगा कुरुक्षेत्र', मंत्री अरविंद शर्मा ने बताया हरियाणा के पर्यटन का मास्टरप्लान
यह भी पढ़ें- '12 साल में पूरी तरह बदल गया हरियाणा', जागरण विमर्श में बोले CM नायब सैनी- पंजाब में लाएंगे भाजपा की सरकार
यह भी पढ़ें- 'फरीदाबाद को गुरुग्राम जैसा अर्बन सेंटर बनाने की तैयारी', CM नायब सैनी बोले- हिसार एयरपोर्ट 24x7 होगा संचालित