विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर DD बार मर्डर केस: एक्शन में पुलिस मुख्यालय, एडीजी मनोज कौशिक बोले- दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा

By Anwesh ambashtEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Tue, 30 Jun 2026 05:33 PM (IST)

पुलिस मुख्यालय ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह की हत्या को गंभीरता से ...और पढ़ें

बिष्‍टुपुर में हादसे के बाद पीसीआर वैन पर पथराव करता आक्रोशित युवक।

बिष्‍टुपुर में हादसे के बाद पीसीआर वैन पर पथराव करता आक्रोशित युवक।

HighLights

  1. एडीजी मनोज कौशिक ने जमशेदपुर में की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक।

  2. हिमांशु सिंह हत्याकांड में तीन मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्तार।

  3. लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी होगी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार के बाहर हुई हिंसक वारदात और करणी सेना के युवा नेता हिमांशु सिंह की हत्या के मामले को पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से लिया है। 
 
एडीजी (विधि-व्यवस्था) मनोज कौशिक सोमवार को स्वयं जमशेदपुर पहुंचे। उन्होंने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्च्स्तरीय समीक्षा बैठक की और अब तक हुई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट ली। 
 
बैठक में एडीजी ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। 
 
एडीजी मनोज कौशिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के वक्त मौके पर मौजूद या सूचना मिलने के बाद भी मुस्तैदी न दिखाने वाले कुछ पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है। 
 
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की आंतरिक जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कर्तव्य में कोताही बरतने वाले जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। 
 
कार्रवाई की जानकारी देते हुए एडीजी ने बताया कि इस हत्याकांड में संलिप्त तीन मुख्य आरोपियों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, बार मालिक भाजपा नेता नीरज सिंह समेत फरार चल रहे अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई विशेष टीमों का गठन किया गया है। 
 
ये टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे। समीक्षा बैठक के ठीक बाद एडीजी मनोज कौशिक स्वयं बिष्टुपुर स्थित डीडी बार पहुंचे। 
 
उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों से समझा कि आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्यूष सिंह पर किन परिस्थितियों में हमला हुआ था। 
 
उन्होंने मौके पर मौजूद साक्ष्यों को देखा और अधिकारियों को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और साक्ष्य-आधारित जांच सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया।

यह भी पढ़ें- VIDEO: जमशेदपुर नाइट लाइफ या गुंडाराज? डबल डाउन बार के बाहर खूनी झड़प, पुलिस की भूमिका संदिग्ध

यह भी पढ़ें- बिष्टुपुर डबल डाउन बार कांड: पुलिस के सामने जानलेवा हमले में घायल हिमांशु की मौत, करणी सेना ने सड़क पर लगाया जाम

यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में हिमांशु सिंह हत्याकांड में लापरवाही बरतने वाले 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड, देखें शहर के पबों का खूनी रिकॉर्ड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।