जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के समीप 27 जून 2026 की रात हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक और सफलता मिली है।
पुलिस की लगातार बढ़ती दबिश के बाद आत्मसमर्पण कर चुके मुख्य आरोपी राहुल दुबे की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार (चापड़) बरामद कर लिया है।
आरोपी राहुल दुबे कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक संख्या चार का निवासी है। पुलिस इस बरामदगी को कानूनी साक्ष्यों को अदालत में और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मान रही है।
प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ने दी जानकारी
जमशेदपुर के सिटी एसपी ललित मीणा ने शुक्रवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस जघन्य हत्याकांड में पुलिस अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज चुकी है।
फरार चल रहे मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थीं। पुलिस के चौतरफा दबाव के कारण ही आरोपी राहुल दुबे ने आखिरकार आत्मसमर्पण किया, जिसे पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए उस स्थान की जानकारी दी जहां उसने हथियार छिपाया था। पुलिस अब इस बरामद चापड़ को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी कर रही है।
गुजरात से लेकर झारखंड तक फैला है आपराधिक इतिहास
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार राहुल दुबे का पुराना और लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह एक शातिर किस्म का अपराधी है। उसके विरुद्ध जमशेदपुर के कदमा थाना में केस दर्ज है।
इसके अलावा उसके खिलाफ गुजरात राज्य में भी हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर), मारपीट तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
राहुल पूर्व में भी आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल की हवा खा चुका है। वर्ष 2021 में अदालत में दर्ज एक परिवाद के अनुसार, वह आर्म्स एक्ट और रंगदारी के मामले में भी नामजद आरोपी रहा है।
अब केवल राघवेंद्र उर्फ हीरे की गिरफ्तारी है बाकी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे हत्याकांड की गुत्थी लगभग सुलझ चुकी है। अब इस मामले में केवल कदमा निवासी राघवेंद्र उर्फ हीरे नाम के आरोपी की गिरफ्तारी होना बाकी है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
वहीं दूसरी ओर, शुक्रवार को राहुल दुबे की गिरफ्तारी को लेकर भी चर्चाएं रहीं। जहां एक तरफ राहुल के बिष्टुपुर थाना में आत्मसमर्पण करने की बात सामने आई।
वहीं पुलिस अधिकारी यह बयां करते रहे कि थाने में उसकी परेड कराई जा रही थी और उसे बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से ही गिरफ्तार किया गया है।