झारखंड में लागू होगा स्वास्थ्य गारंटी कार्ड, हर नागरिक को इलाज की गारंटी, 1200 चिकित्सकों की होगी नियुक्ति
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विश्व स्वास्थ्य दिवस पर झारखंड में स्वास्थ्य गारंटी कार्ड लागू करने की घोषणा की। उन्होंने 1,200 डॉक्टरों और 7,500 ...और पढ़ें

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर स्वास्थ्य मंत्री ने की अपील- प्रतिदिन 45 मिनट अपने स्वास्थ्य को दें। (फोटो: जागरण फाइल)
HighLights
सभी नागरिकों को मिलेगी स्वास्थ्य गारंटी कार्ड से इलाज।
1,200 डॉक्टर, 7,500 एएनएम/जीएनएम की होगी नियुक्ति।
बिना डोनर रक्त आदेश पर पुनर्विचार याचिका दायर होगी।
राज्य ब्यूरो, रांची। स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य के लोगों को इलाज की गारंटी दी जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य गारंटी कार्ड लागू किया जाएगा। इससे हर नागरिक को बेहतर और सुलभ इलाज सुनिश्चित होगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड के हर व्यक्ति को स्वास्थ्य सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है। मंत्री ने विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड द्वारा नामकोम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान सभागार में आयोजित कार्यक्रम में इसकी घोषणा करते हुए स्वास्थ्य में हाल के दिनों की उपलब्धियाें का भी उल्लेख किया।
कहा, नीति आयोग की रिपोर्ट में झारखंड को बेहतर स्थान मिला है। नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) के तहत मानकों के प्रमाणीकरण में भी झारखंड ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबाेधन में विपक्ष पर भी निशाना साधा। कहा, जो लोग राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते थे, आज उनकी बोलती बंद है। उन्होंने बिना डोनर के मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने के झारखंड हाई कोर्ट के आदेश का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि बिना डोनर के रक्त उपलब्ध कराना जमीनी स्तर पर चुनौतीपूर्ण है, इसलिए विभाग इस आदेश में संशोधन के लिए जल्द ही न्यायालय का रुख करेगा। उन्होंने कहा कि रक्त की उपलब्धता के लिए नई नीति लागू की जाएगी।
1,200 चिकित्सकों तथा 7,500 एएनएम की नियुक्ति होगी
मंत्री ने 1,200 चिकित्सकों तथा 7,500 एएनएम तथा जीएनएम की शीघ्र बहाल की अपनी घोषणा को दोहराई। साथ ही 247 नए एंबुलेंस क्रय किए जाने तथा संताल परगना में नया कंट्रोल कमांड सेंटर स्थापित करने की भी बात कही।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने “वन हेल्थ” की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के लिए पूरे इकोसिस्टम का संतुलित और स्वस्थ रहना जरूरी है।
खबरें और भी
वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और तनावमुक्त जीवन ही अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया तथा स्वास्थ्य एवं पर्यावरण जागरूकता से जुड़े पोस्टर और हर्बल गार्डन हैंडबुक का विमोचन किया गया। इससे पहले आइपीएच परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश दिया गया।
45 मिनट निकालें अपने स्वास्थ्य के लिए
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे प्रतिदिन कम से कम 45 मिनट अपने स्वास्थ्य के लिए निकालें। कहा कि हमें नियमित व्यायाम, योग और ध्यान अपनाना चाहिए। मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से बचना चाहिए। संतुलित आहार और पर्याप्त नींद लेनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- रिटायरमेंट 60 में पर आयुष्मान कार्ड 70 में? क्यों झारखंड हाई कोर्ट ने बुजुर्गों की इस मांग को ठुकराया
यह भी पढ़ें- झारखंड में 1.40 करोड़ लोगों की होगी सिकल सेल और थैलेसीमिया की जांच, घर-घर जाकर लेंगे सैंपल
यह भी पढ़ें- झारखंड में समय पर ही होंगे पंचायत चुनाव, OBC आरक्षण पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का बड़ा एलान
यह भी पढ़ें- झारखंड में फिर 'भीड़' का तांडव: मामूली विवाद पर पलामू में सब्जी विक्रेता की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या